Latest

युवक से मारपीट के बाद बाकल में तनाव, भीड़ के साथ हुई झड़प में कुछ पुलिस कर्मी घायल, मारपीट करने वाले समुदाय विशेष के युवक स्लीमनाबाद से गिरफ्तार

कटनी(YASHBHARAT.COM)।बाकल थाना अंतर्गत एक युवक के साथ हुई मारपीट का मामला इतना बढ़ गया कि स्थिति प्रदर्शन तक पहुंच गई। जानकारी के अनुसार ग्राम बाकल निवासी युवक ने दो व्यक्तियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि वह वृहताकार सहकारी समिति में चौकीदार के पद पर कार्यरत है।19 अक्टूबर 2025 की रात लगभग 8 बजे वह दुकान से गुटखा खरीदने गया था। उसी दौरान गांव के असीम खान ने आकर कहा कि उसे नरघी वाले खेत तक छोड़ दे। युवक ने अपनी मोटरसाइकिल से असीम को खेत तक छोड़ने गया, तभी पीछे से आमिल खान भी वहां पहुंच गया।

दोनों आरोपियों ने मिलकर पीड़ित को खेत के अंदर ले जाकर अशोभनीय गालियां दीं और उस पर एक युवती से बातचीत करने तथा उसका फोटो मोबाइल में रखने का आरोप लगाया। जब पीड़ित ने मोबाइल का पासवर्ड खोलने से इंकार किया, तो दोनों ने मिलकर मुक्कों और लकड़ी से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसे शरीर पर गंभीर चोटें आईं। पीड़ित ने घटना के बाद घर जाकर अपने भाई भास्कर राजपूत को पूरी घटना बताई और थाना बाकल में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले के बढ़ने पर स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान हुई झड़प में कुछ पुलिस कर्मी भी घायल हुए हैं। घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया ने बताया कि मौके पर भारी भीड़ एकत्रित हो गई थी, जिससे अप्रिय स्थिति बनने की संभावना थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों असीम खान और आमिल खान को स्लिमनाबाद थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद कटनी न्यायालय में पेश किया जाएगा।

 

 

Vivek Shukla

28 वर्ष से पत्रकारिता, क्राइम रिपोर्टर के रूप में लंबा अनुभव डिजिटल मीडिया में सक्रिय, खबरों का फॉलोअप तथा उसकी तह तक जाना वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में उप संपादक