katniमध्यप्रदेश

कटनी में पारा 42 डिग्री के पार, दोपहर में कर्फ्यू जैसा सन्नाटा स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

कटनी में पारा 42 डिग्री के पार, दोपहर में कर्फ्यू जैसा सन्नाटा स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजर

 

​कटनी। मध्य प्रदेश में मौसम के तेवर तल्ख हो चुके हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में ऑरेंज और ‘रेड’ अलर्ट के बीच कटनी जिला भी भीषण गर्मी और लू (हिटवेव) की चपेट में है। गुरुवार को जिले में सूरज ने अपने तीखे तेवर दिखाए, जिसके कारण दोपहर 12:00 बजे से लेकर 2:00 बजे तक तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर बना रहा। तेज धूप और गर्म थपेड़ों के कारण शहर की मुख्य सड़कों और बाजारों में दोपहर के वक्त सन्नाटा पसर गया, जिससे स्थिति अघोषित कर्फ्यू जैसी नजर आई।

​मुख्य बाजारों से रौनक गायब, थमी रफ्तार

​आमतौर पर बेहद व्यस्त रहने वाले शहर के मुख्य व्यावसायिक इलाकों और चौराहों पर दोपहर के समय भीड़भाड़ न के बराबर देखी गई। बढ़ते तापमान और झुलसाने वाली धूप के कारण लोग घरों से बाहर निकलने से बचते नजर आए। अति आवश्यक कार्य होने पर ही लोग पूरे बदन और चेहरे को कपड़े से ढंककर बाहर निकल रहे हैं। राहगीरों को राहत देने के लिए सड़कों के किनारे लगे गन्ने के रस, लस्सी और छाछ के स्टालों पर ही थोड़ी-बहुत हलचल देखी जा रही है।

​स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट

​भीषण गर्मी और लू के सीधे प्रकोप से लोगों को बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने गाइडलाइन (एडवाइजरी) जारी की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस मौसम में विशेष सावधानी बरतें।

​स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी मुख्य दिशा-निर्देश ​बताया गया है कि प्यास न लगने पर भी लगातार पानी, ओआरएस (ORS) का घोल, नींबू पानी या छाछ पीते रहें ताकि शरीर में पानी की कमी (डीहाइड्रेशन) न हो। दोपहर के वक्त भारी, तला-भुना और मसालेदार भोजन खाने से बचें। मौसमी फल और हल्के भोजन को प्राथमिकता दें। दोपहर 12:00 से शाम 4:00 बजे के बीच जब तक कोई बेहद जरूरी या आपातकालीन कार्य न हो, तब तक घरों से बाहर न निकलें बाहर निकलते समय सूती और हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें, सिर को टोपी, छतरी या तौलिए से ढंककर रखें।

​आगे और बढ़ सकता है पारा

​मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दो-तीन दिनों तक लू का यह सितम इसी तरह जारी रह सकता है। गर्म हवाओं के चलते रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को चौबीसों घंटे गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। प्रशासन ने भी आम लोगों से सतर्क रहने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।

Back to top button