Site icon Yashbharat.com

Sushant Singh Rajput Death Case: ड्रग्स मामले में रिया के बाद भाई शौविक चक्रवर्ती की ज़मानत को NCB ने बॉम्बे हाई कोर्ट में दी चुनौती

riya

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में रिया चक्रवर्ती की ज़मानत को चुनौती देने के बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने अब उनके छोटे भाई शौविक चक्रवर्ती की ज़मानत को बॉम्बे हाई कोर्ट में चैलेंज किया है। शौविक को भी एनसीबी ने पिछले साल सुशांत सिंह राजपूत डेथ केस से जुड़े ड्रग्स केस में गिरफ़्तार किया था, मगर उन्हें पिछले साल एनडीपीएस की विशेष अदालत से दिसम्बर में ज़मानत मिल गयी थी। शौविक के साथ एनसीबी ने 8 अन्य लोगों की ज़मानत को भी हाई कोर्ट में चुनौती दी है।

एनसीबी ने ड्रग्स केस में नाम आने के बाद शौविक को पिछले साल 4 सितम्बर को गिरफ़्तार किया था। शौविक की ओर से एनडीपीएस कोर्ट में कई बार ज़मानत के लिए याचिका दायर की गयी थी। बॉम्बे हाई कोर्ट में भी याचिका दायर की गयी, जिसे हाई कोर्ट ने अस्वीकार कर दिया था। रिया और शौविक पर ड्रग ख़रीदने और डिलीवरी के आरोप हैं। लाइव लॉ की रिपोर्ट के अनुसार, शौविक की ज़मानत को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई 30 मार्च को होगी।

बता दें, पिछले साल 14 जून को सुशांत सिंह राजपूत का मृत शरीर उनके बांद्रा स्थित आवास पर मिला था। सुशांत के निधन की सीबीआई जांच चल रही है। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय ने सुशांत के एकाउंट्स में आर्थिक हेराफेरी के आरोपों की जांच की है। इसी क्रम में व्हॉट्सऐप चैट्स के ज़रिए ड्रग्स कनेक्शन सामने आया था, जिसके बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की एंट्री हुई। रिया और शौविक से एनसीबी ने गहन पूछताछ की थी।

 

रिया चक्रवर्ती को बॉम्बे हाई कोर्ट से मिली ज़मानत को एनसीबी ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है, जिस पर 18 मार्च को सुनवाई की जानी है। ड्रग्स केस पिछले साल अगस्त में दर्ज़ किया गया था। इसके बाद एनसीबी ने गहन जांच शुरू की तो ड्रग पैडलर्स की गिरफ़्तारी के साथ कई सेलेब्रिटीज के नाम भी सामने आए, जिन्हें एनसीबी ने समय-समय पर पूछताछ के लिए बुलाया। दीपिका पादुकोण, श्रद्धा कपूर, रकुल प्रीत सिंह और सारा अली ख़ान से एनसीबी ने पूछताछ की थी।

अर्जुन रामपाल और उनकी लिव-इन पार्टनर गैबरिएला डिमिट्रियादेस के भाई की गिरफ़्तारी के बाद एनसीबी ने इन दोनों से भी पूछताछ की थी। स्टैंड अप कॉमेडियन भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिम्बाचिया भी एनसीबी को भी एनसीबी ने गिरफ़्तार किया था। उनके घर से एनसीबी ने प्रतिबंधित पदार्थ जब्त किया था।

Exit mobile version