Site icon Yashbharat.com

पुलिस अधीक्षक ने की जनसुनवाई, पुलिस कंट्रोल रूम कटनी में आयोजित हुआ मंगलवार जनसुनवाई कार्यक्रम, फरियादियों को दिलाया त्वरित कार्रवाई का भरोसा

IMG 20250708 WA0019 1

कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा आज पुलिस कंट्रोल रूम कटनी में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए आम नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत कीं।

 

जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक एवं अन्य राजपत्रित अधिकारियों ने प्रत्येक फरियादी की बात को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना और उनकी शिकायतों पर त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए। शिकायतों में अधिकतर प्रकरण भूमि विवाद, पारिवारिक कलह, धोखाधड़ी, महिला संबंधित अपराध, थानों में लंबित जांच, एवं न्यायिक कार्यवाही में विलंब से जुड़े हुए रहे।

कुछ मामलों में संबंधित थाना प्रभारियों को मौके पर ही कॉल कर तत्काल जांच एवं कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

आज आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में कुल 46 शिकायते प्राप्त हुई। जिसकी निरंतर मॉनिटरिंग कर संबंधित अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली जाएगी। पूर्व में आयोजित जनसुनवाई शिकायतों में से 24 शिकायतों का निराकरण किया गया।

एसपी की जनता से अपील

पुलिस अधीक्षक ने जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि आपकी शिकायत थाना स्तर पर संतोषजनक रूप से हल नहीं हो रही है, तो आप प्रत्येक सप्ताह निर्धारित दिवस को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में स्थित कंट्रोल रूम में आयोजित जनसुनवाई में आकर सीधे अपनी समस्या प्रस्तुत कर सकते हैं।

Exit mobile version