चड्डा ऑटोनॉमस कॉलेज के विद्यार्थियों को महामहिम राष्ट्रपति द्वारा स्वर्ण पदक पहनाकर किया गया सम्मानित
कटनी -विगत दिवस रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर 36वां दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय के ऑडीटोरियम हॉल में आयोजित किया गया। आयोजित दीक्षांत समारोह में कटनी आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज (ऑटोनॉमस) चड्डा कॉलेज, कटनी के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त कर महाविद्यालय एवं जिले का गौरव बढ़ाया है।
महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी द्वारा महाविद्यालय की छात्रा सुश्री काजल जैन को बी.एस.सी. संकाय में शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए तीन स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया। इसी क्रम में महाविद्यालय के छात्र श्री अनुपम पाठक को विधि संकाय एल.एल.बी. में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक पहनाकर सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि कटनी आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज (ऑटोनॉमस) चड्डा कॉलेज, कटनी लगातार तीन वर्षों से बी.एस.सी. एवं एल.एल.बी. संकाय में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाला महाविद्यालय बनकर अपनी शैक्षणिक श्रेष्ठता का परिचय दे रहा है। राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किए गए इन प्रतिष्ठित सम्मानों ने न केवल महाविद्यालय की उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ा है, बल्कि पूरे कटनी जिले को गौरवान्वित किया है। महाविद्यालय परिवार ने दोनों विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए इसे संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन एवं निरंतर शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिणाम बताया है।
चड्डा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के डॉयरेक्टर देवाशीष चड्डा, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जय चड्डा सहित समस्त प्राध्यापकगणों एवं महाविद्यालय परिवार ने स्वर्ण पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।