“छात्रों की गूंज” अभियान युवाओं की आवाज को देगा नई दिशा
“छात्रों की गूंज” अभियान युवाओं की आवाज को देगा नई दिश
कटनी। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा प्रारंभ किए गए “छात्रों की गूंज” अभियान के माध्यम से देशभर के छात्रों, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों एवं युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जा रहा है। राजस्थान के कोटा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में युवाओं के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था, रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया गया।
राहुल गांधी ने कहा कि देश का युवा निष्पक्ष परीक्षा, समयबद्ध भर्ती और बेहतर भविष्य की मांग कर रहा है। “छात्रों की गूंज” अभियान देश के करोड़ों छात्रों एवं युवाओं के अधिकारों, सपनों और संघर्षों की आवाज बनकर उभरा है।
जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला ने कहा कि आज देश का युवा पेपर लीक, परीक्षा निरस्तीकरण, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी एवं बढ़ती बेरोजगारी से परेशान है। कांग्रेस पार्टी युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाते हुए उनके अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता राकेश जैन ‘कक्का’ ने कहा कि शिक्षा और रोजगार युवाओं का अधिकार है। परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, समयबद्ध भर्ती एवं युवाओं के भविष्य की सुरक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। देश का युवा केवल अवसर, न्याय और सुरक्षित भविष्य की मांग कर रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि NEET सहित विभिन्न परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं, पेपर लीक एवं भर्ती प्रक्रियाओं में देरी ने लाखों छात्रों और उनके परिवारों को प्रभावित किया है। ऐसे में परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाना समय की आवश्यकता है।
कांग्रेस पार्टी ने मांग की है कि पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा परीक्षा, परिणाम एवं भर्ती प्रक्रिया के लिए समयबद्ध वार्षिक कैलेंडर लागू किया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि “छात्रों की गूंज” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश के युवाओं के अधिकारों और भविष्य की लड़ाई है। कांग्रेस पार्टी छात्रों एवं युवाओं के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। प्रेसवार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एड अमित शुक्ला,रामनरेश त्रिपाठी,राकेश जैन कक्का,प्रेम बत्रा,अजय जैसवानी,अजय कोल,दिग्विजय सिंह,संजय गुप्ता,हर्षित मिश्रा,साहिल नामदेव उपस्थित रहे।