Latest

कटनी फॉरेस्टर ग्राउंड में खेल सुविधाओं का विस्तार, एस्ट्रो टर्फ पर होगा हॉकी टूर्नामेंट

कटनी। शहर के फॉरेस्टर ग्राउंड में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य शासन के युवा एवं खेल कल्याण विभाग के सचिव एवं कटनी जिले के सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी संजीव सिंह ने फॉरेस्टर ग्राउंड परिसर का निरीक्षण कर निर्माणाधीन खेल अधोसंरचनाओं की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, कलेक्टर आशीष तिवारी और नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। सचिव संजीव सिंह ने मैदान में विकसित की जा रही विभिन्न खेल सुविधाओं और निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

एस्ट्रो टर्फ पर अंतरजिला हॉकी टूर्नामेंट की तैयारी

 

फॉरेस्टर ग्राउंड में हॉकी खिलाड़ियों के लिए तैयार किए गए नवनिर्मित एस्ट्रो टर्फ का सचिव संजीव सिंह ने विशेष रूप से निरीक्षण किया। उन्होंने यहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी अधिकारियों से ली।

उन्होंने कहा कि स्थानीय खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर मिलना चाहिए। इसी उद्देश्य से फॉरेस्टर ग्राउंड के नए एस्ट्रो टर्फ पर आसपास के जिलों की टीमों को शामिल करते हुए अंतरजिला हॉकी टूर्नामेंट आयोजित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इस आयोजन से कटनी के खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल में खेलने का अवसर मिलने के साथ हॉकी को बढ़ावा देने में भी मदद मिल सकती है।

 

फॉरेस्टर ग्राउंड में कई बड़े निर्माण कार्य पूरे

 

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने फॉरेस्टर ग्राउंड के विकास कार्यों की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक मैदान परिसर में स्पेक्टेटर्स गैलरी, क्रिकेट पवेलियन भवन, बाउंड्रीवाल, सड़क और नाली निर्माण सहित क्रिकेट स्टेडियम से संबंधित कार्य पूरे हो चुके हैं।

इन कार्यों के लिए 4.21 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके अलावा क्रिकेट के लिए स्पेक्टेटर्स गैलरी का निर्माण भी पूरा हो चुका है, जिसके लिए 1.50 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति थी।

सचिव संजीव सिंह ने पूर्ण हो चुके कार्यों के बाद संबंधित भवनों को खेल विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

 

इंडोर हॉल का 60 प्रतिशत काम पूरा

 

फॉरेस्टर ग्राउंड में खिलाड़ियों के लिए इंडोर हॉल का निर्माण भी जारी है। इस परियोजना की प्रशासकीय स्वीकृति लागत 5 करोड़ रुपए है। अधिकारियों ने बताया कि इंडोर हॉल का लगभग 60 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

फिलहाल इंडोर हॉल में फिनिशिंग और फ्लोरिंग का काम चल रहा है। अधिकारियों ने सचिव को निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, अब तक हुई प्रगति और आगे की कार्ययोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

 

खिलाड़ियों को मिलेंगी बेहतर खेल सुविधाएं

 

फॉरेस्टर ग्राउंड में चल रहे निर्माण और विकास कार्यों का उद्देश्य शहर में खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल अधोसंरचना तैयार करना है। एस्ट्रो टर्फ, क्रिकेट से जुड़ी सुविधाएं और इंडोर हॉल जैसी व्यवस्थाएं तैयार होने के बाद स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर माहौल मिलने की उम्मीद है।

इन विकास कार्यों के पूरा होने से कटनी में विभिन्न खेल गतिविधियों और प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। खासतौर पर एस्ट्रो टर्फ पर अंतरजिला हॉकी टूर्नामेंट आयोजित कराने के निर्देश को स्थानीय हॉकी खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर के तौर पर देखा जा रहा है।

फॉरेस्टर वार्ड सी सी सड़क निर्माण का महापौर ने कराया भूमिपूजन, वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को मिला विस्तार

 

मध्यप्रदेश पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन करा रहा निर्माण

 

फॉरेस्टर ग्राउंड के निर्माण एवं विकास से संबंधित कार्य मध्यप्रदेश पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन, जबलपुर डिवीजन-1 की कार्यकारी एजेंसी द्वारा कराए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण की गुणवत्ता, प्रगति और आगामी कार्यों से संबंधित जानकारी सचिव संजीव सिंह के समक्ष रखी।

निरीक्षण के दौरान जिला खेल अधिकारी सुनीता यादव, सहायक यंत्री उदय कोरी, उपयंत्री अजीत सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

 

कटनी में खेलों को मिल सकता है नया मंच

 

फॉरेस्टर ग्राउंड में खेल सुविधाओं के विकास के साथ अब यहां बड़े स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की राह भी आसान हो सकती है। एस्ट्रो टर्फ पर अंतरजिला हॉकी टूर्नामेंट और इंडोर हॉल का निर्माण पूरा होने के बाद खिलाड़ियों को एक ही परिसर में कई तरह की सुविधाएं उपलब्ध होने की संभावना है। इससे कटनी की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच मिल सकता है।

For more updates: https://www.facebook.com/share/1GYFs5XZ4m/

Back to top button