पटरी पर थमी ट्रेनों की रफ्तार: बीना-आगासौद में तीसरी लाइन का काम जारी, यात्री परेशान
ग्वालियर/बीना (यश भारत खबर)। बीना और आगासौद रेलवे स्टेशनों के बीच तीसरी रेल लाइन बिछाने और यार्ड रीमॉडलिंग का कार्य रेल यात्रियों के लिए भारी मुसीबत का सबब बन गया है। लगभग 8 किलोमीटर लंबे इस रेलखंड पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण दिल्ली और भोपाल मार्ग पर चलने वाली ट्रेनों का शेड्यूल पूरी तरह चरमरा गया है।
12 घंटे की देरी, यात्री परेशान
शनिवार को ग्वालियर रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली कई प्रमुख ट्रेनें घंटों की देरी से पहुंचीं। कुछ ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 8 से 12 घंटे तक विलंबित रहीं। अचानक हुई इस भारी देरी के कारण यात्रियों को स्टेशनों पर घंटों इंतजार करना पड़ा, जिससे छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिला यात्रियों को बेहद असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्य रेल कॉरिडोर पर पड़ा असर
बीना-आगासौद रेलखंड उत्तर और दक्षिण भारत को जोड़ने वाली मुख्य रेलवे लाइन का अहम हिस्सा है। तीसरी लाइन के इंटरलोकिंग और निर्माण कार्य के चलते इस रूट से गुजरने वाली पैसेंजर, एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों की रफ्तार धीमी कर दी गई है। कई ट्रेनों को री-शेड्यूल और डायवर्ट करके चलाया जा रहा है।
रेलवे प्रशासन की अपील
ट्रेन संचालन की इस अनिश्चितता को देखते हुए रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति (Live Status) और समय सारणी की जांच अवश्य कर लें।











