मोहर्रम जुलूस पश्चात मार्गों पर चला विशेष सफाई अभियान,निगम अमले ने संभाली कमान, आयोजन स्थलों एवं जुलूस मार्गों की कराई गई साफ-सफाई,शाम को निकलने वाले मुख्य ताजिया जुलूस हेतु अधिकारियों की ड्यूटी, सभी व्यवस्थाएं पूर्ण

मोहर्रम जुलूस पश्चात मार्गों पर चला विशेष सफाई अभियान,निगम अमले ने संभाली कमान, आयोजन स्थलों एवं जुलूस मार्गों की कराई गई साफ-सफाई,शाम को निकलने वाले मुख्य ताजिया जुलूस हेतु अधिकारियों की ड्यूटी, सभी व्यवस्थाएं पूर्ण
कटनी। मोहर्रम पर्व के अवसर पर नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार रात्रि मोहर्रम जुलूस के समापन के पश्चात निगम के स्वच्छता अमले ने सक्रिय होकर जुलूस मार्गों, प्रमुख चौक-चौराहों तथा आयोजन स्थलों पर व्यापक सफाई अभियान संचालित किया।
स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों की टीम ने प्रातः से ही विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्य किया। इस दौरान सड़कों पर फैले कचरे एवं अन्य अवशेषों को तत्काल हटाकर मार्गों की सफाई की जाकर एकत्रित अपशिष्ट को प्लांट भेजा गया, जिससे नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को समुचित सफाई व्यवस्था मिल सके।
नगर निगम द्वारा पर्व के दौरान पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों, वाहनों एवं आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। अभियान के तहत कचरा संग्रहण के साथ-साथ प्रमुख मार्गों की विशेष सफाई एवं स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया गया। मोहर्रम पर्व को दृष्टिगत रखते हुए शुक्रवार शाम को निकलने वाले ताज़िया जुलूस एवं सवारी की व्यवस्थाओं हेतु निगम प्रशासन द्वारा समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण की जाकर व्यवस्थाओं को सुचारु रखने हेतु विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
निगम प्रशासन ने शहरवासियों से सार्वजनिक आयोजनों के दौरान स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने तथा कचरे का उचित स्थान पर ही निस्तारण करने की अपील की है।








