हैदराबाद में मैराथन पूरी कर मेडल जीतने के तुरंत बाद सॉफ्टवेयर इंजीनियर को आया हार्ट अटैक, मौत
हैदराबाद। तेलंगाना के हैदराबाद स्थित गच्चीबाउली स्टेडियम में रविवार को एक दुखद और स्तब्ध कर देने वाली घटना सामने आई। स्वस्थ रहने के उद्देश्य से मैराथन में हिस्सा लेने पहुंचे 36 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर कोम्मिनेनी गोपी की दौड़ पूरी करने और मेडल हासिल करने के कुछ ही मिनटों बाद दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।
मैराथन पूरी की, मेडल लिया और फिर गिर पड़े जानकारी के मुताबिक, मणिकोंडा (अलकापुर कॉलोनी) के रहने वाले गोपी ने एनईबी द्वारा आयोजित मैराथन में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया था। उन्होंने तय दूरी सफलतापूर्वक पूरी की और उन्हें मेडल देकर सम्मानित भी किया गया। दौड़ पूरी करने के बाद जब वे नाश्ता करने के लिए आगे बढ़ रहे थे, तभी उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और वे जमीन पर गिर पड़े।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम वहां मौजूद आयोजकों और साथी धावकों में अचानक हुई इस घटना से हड़कंप मच गया। उन्हें तुरंत गच्चीबाउली के पास स्थित केयर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आईटी कंपनी IBM में थे कार्यरत मृतक गोपी मशहूर आईटी कंपनी आईबीएम (IBM) में बतौर सॉफ्टवेयर इंजीनियर कार्यरत थे। सेहत के प्रति जागरूक रहने वाले युवा इंजीनियर की इस तरह अचानक हुई मौत से उनके परिवार में मातम छा गया है और साथी कर्मचारी व धावक गहरे सदमे में हैं।

