Sidhi Bus Accident। मध्य प्रदेश के सीधी में रामपुर नैकिन थाना इलाके में मंगलवार सुबह 7:30 बजे एक बस 30 फीट गहरी नहर में जा गिरी। बस को क्रेन से बाहर निकाला गया, इसमें से 40 शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। इनमें 21 पुरुष, 18 महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। अब बहे लोगों की तलाश शुरू की गई है।
संजय गांधी कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रोफेसर हीरालाल शर्मा अपने व्यक्तिगत काम से सतना जा रहे थे, जिनकी मौत होने की भी खबर है। आइजी उमेश जोगा ने यह जानकारी दी है। हादसे के तुरंत बाद तैरकर बाहर आ रहे 7 लोगों को ग्रामीणों ने बचा लिया था। सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान किया है। उधर पीएम रिलीफ फंड से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख दिए जाएंगे व घायलों को 50 हजार रुपए।
नहर में समा गई थी पूरी बस
नहर इतनी गहरी है कि बस पूरी तरह उसमें डूब गई है, गोताखोरों और पुलिस प्रशासन ने बड़ी मशक्कत के बाद उसे पानी में खोज निकाला, क्रेन के जरिए बस को बाहर निकाला। बताया गया है कि बस में बघवार, चोरगढ़ी समेत आसपास के भी यात्री सवार थे। बस हादसे को लेकर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सीधी कलेक्टर से बात की है। सीएम ने आज भोपाल में होने वाली प्रधानमंत्री आवास योजना के गृहप्रवेशम कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है। दो मंत्री तुलसीराम पटेल और रामखेलावन पटेल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।

