मां दुर्गा और मां काली की प्रतिमा स्थापित कर छपरवाह में श्रद्धा, भक्ति और आस्था के साथ मनाया जा रहा शारदेय नवरात्र, आज सप्तमी को देवी मंदिर में आयोजित हुआ कन्या भोज एवं भंडारा
कटनी(YASHBHARAT.COM)। शहर के साथ ही उपनगरीय क्षेत्र छपरवाह में शारदेय नवरात्र पर्व पूरी श्रद्धा, भक्ति और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। शारदेय नवरात्र पर्व की बैठकी को क्षेत्र के बर्मन मोहल्ला स्थित देवी मंदिर में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है और विश्वकर्मा मोहल्ला में मां काली की भव्य व आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई है। दो स्थानों पर प्रतिमा स्थापना से शुरू हुआ मां जगत जननी की पूजा अर्चना का दौर निरंतर जारी है। दोनों जगह सुबह शाम माता की आरती में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
वही बर्मन मोहल्ला स्थित देवी मंदिर में सुबह से माता को जल अर्पित करने का सिलसिला भी निरंतर जारी है। आज शारदेय नवरात्र पर्व की सप्तमी पर क्षेत्र के देवी भक्त जूली महाराज की ओर से बर्मन मोहल्ला स्थित देवी मंदिर में कन्या भोज और भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्र के लोगों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया और माता का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ लिया। वहीँ आगामी 19 अक्टूबर सोमवार को शारदेय नवरात्र पर्व की नवमी को दोनों ही दुर्गा पंडालों में अलग से कन्या भोज एवं भंडारे का आयोजन दुर्गा समितियों द्वारा किया जाएगा। दुर्गा समितियों ने नवमी पर आयोजित कन्या भोज और भंडारे में क्षेत्र के लोगों से प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है। क्षेत्र में शारदेय नवरात्र पर्व पर आयोजित धार्मिक आयोजनों का समापन आगामी 20 अक्टूबर को दशहरा के पावन अवसर पर प्रतिमा विसर्जन के साथ होगा।

