Site icon YASHBHARAT.COM

जिला अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल, दो नवजातों की मौत से मचा हड़कंप,SNCU वार्ड का स्टाफ बच्चों को छोड़कर चला गया, मां मृत नवजात का शव लेकर पहुंची कलेक्टर कार्यालय, कार्रवाई की मांग

IMG 20261117 WA0069

जिला अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल, दो नवजातों की मौत से मचा हड़कंप,SNCU वार्ड का स्टाफ बच्चों को छोड़कर चला गया, मां मृत नवजात का शव लेकर पहुंची कलेक्टर कार्यालय, कार्रवाई की मां

 

कटनी। जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। चंद घंटों के भीतर दो नवजात बच्चों की मौत के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। मामले में सबसे गंभीर आरोप यह है कि परिजनों और अस्पताल स्टाफ के बीच विवाद होने के बाद एसएनसीयू (SNCU) वार्ड में तैनात पूरा स्टाफ भर्ती नवजातों को भगवान भरोसे छोड़कर चला गया। इसी दौरान उपचार के अभाव में एक और नवजात की मौत होने का आरोप लगाया गया है।

जानकारी के अनुसार स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मटवारा निवासी शिल्पा कोल ने अपने नवजात शिशु की तबीयत बिगड़ने पर उसे कटनी जिला अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में भर्ती कराया था। बताया जाता है कि देर रात करीब 12 बजे एक बच्ची की मौत के बाद परिजनों और अस्पताल स्टाफ के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर वार्ड में तैनात पूरा स्टाफ वहां से चला गया। इसके चलते वार्ड में भर्ती अन्य नवजात बच्चों की देखरेख और उपचार प्रभावित हुआ।

इसी बीच शिल्पा कोल के नवजात शिशु की भी मौत हो गई। अपने मासूम बच्चे को खोने से आहत मां शिल्पा कोल मृत नवजात का शव लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंच गई और प्रशासन के सामने अपनी पीड़ा रखते हुए न्याय की गुहार लगाई।

शिल्पा कोल का आरोप है कि वह लगातार डॉक्टरों और अस्पताल के कर्मचारियों से बच्चे का उपचार करने की गुहार लगाती रही, लेकिन उसकी फरियाद सुनने कोई नहीं पहुंचा। उनका कहना है कि करीब दो घंटे तक बच्चे को देखने तक कोई चिकित्सक या कर्मचारी नहीं आया। आखिरकार उनके मासूम बच्चे की जान चली गई।

घटना ने जिला अस्पताल की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं, नवजातों की देखरेख और जिम्मेदार कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।

Exit mobile version