मुरादाबाद डकैती का सनसनीखेज खुलासा: पीतल कारोबारी की बेटी ही निकली मास्टरमाइंड, प्रेमी को ‘करोड़पति’ बनाने के लिए अपनों को ही लूटा
मुरादाबाद डकैती का सनसनीखेज खुलासा: पीतल कारोबारी की बेटी ही निकली मास्टरमाइंड, प्रेमी को ‘करोड़पति’ बनाने के लिए अपनों को ही लूटा। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पीतल कारोबारी इमरान के घर हुई करोड़ों की डकैती की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस वारदात का सच जानकर हर कोई हैरान है। डकैती की इस पूरी पटकथा को किसी शातिर अपराधी ने नहीं, बल्कि कारोबारी की 21 वर्षीय बेटी अरीबा ने अपने प्रेमी अरशद के साथ मिलकर लिखा था। पुलिस ने अरीबा और अरशद समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मुरादाबाद डकैती का सनसनीखेज खुलासा: पीतल कारोबारी की बेटी ही निकली मास्टरमाइंड, प्रेमी को ‘करोड़पति’ बनाने के लिए अपनों को ही लूटा
प्रेमी को अमीर बनाने की थी चाहत
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अरीबा और अरशद की दोस्ती 2018 में हुई थी। अरीबा, अरशद से निकाह करना चाहती थी, लेकिन अरशद अपनी आर्थिक तंगी का हवाला देकर पीछे हट रहा था। अरीबा ने अरशद को अमीर बनाने और भविष्य में आर्थिक संकट से बचने के लिए अपने ही घर में डकैती डालने की योजना बनाई। उसने घर में रखे नोटों की गड्डियों के फोटो अरशद को भेजे और पल-पल की जानकारी साझा की।
डिजिटल लॉक खोलकर डकैतों को दिया रास्ता
रविवार की रात, जब घर में करोड़ों की नकदी मौजूद थी, अरीबा ने ही घर का डिजिटल लॉक खोलकर डकैतों को अंदर दाखिल कराया। उसने सुनिश्चित किया कि डकैतों को घर में आने-जाने में कोई परेशानी न हो। अरशद ने अपने कॉलेज के दोस्तों और उनके रिश्तेदारों के साथ मिलकर करीब 10 लोगों का गैंग तैयार किया था।
पड़ताल में खुली पोल
पुलिस ने जब तकनीकी साक्ष्यों और अरीबा के फोन की जांच की, तो सारा सच सामने आ गया। अरीबा पहले भी चोरी-छिपे अरशद को लाखों रुपये दे चुकी थी, जिन्हें वह खर्च कर देता था। इस बार अरीबा का लक्ष्य उसे ‘करोड़पति’ बनाना था ताकि वे घर से भागकर एक आलीशान जिंदगी जी सकें।
धोखेबाज बेटियों की फेहरिस्त में शामिल हुआ नाम
मुरादाबाद पुलिस ने इस घटना की तुलना अमरोहा के बावनखेड़ी कांड (शबनम केस) और अन्य ऐसी वारदातों से की है जहाँ बेटियों ने अपने प्रेम के लिए परिवार की बलि चढ़ा दी। अरीबा के पिता इमरान और परिवार के अन्य सदस्य इस विश्वासघात से गहरे सदमे में हैं।

