राजस्थान के डीग में सनसनीखेज वारदात: सगी माँ ने की दो जुड़वां बेटों की धारदार हथियार से हत्या, आरोपी महिला गिरफ्तार
यश भारत (डिजिटल डेस्क) | राजस्थान डेस्क: राजस्थान के डीग जिले के बड़ेशरा गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ करीब 13 साल के दो मासूम जुड़वां भाइयों की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में परिजनों और ग्रामीणों द्वारा बच्चों की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन जब पुलिस ने परतें उखाड़ना शुरू किया तो सच जानकर हर कोई दंग रह गया—दोनों मासूमों की कातिल उनकी सगी माँ ही निकली।
घर के भीतर की हत्या, 200 मीटर दूर फेंकी लाशें
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों बच्चों की हत्या घर के अंदर ही धारदार हथियार से की गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला ने साक्ष्य छिपाने के मकसद से दोनों शवों को घर से करीब 200 मीटर दूर ले जाकर फेंक दिया। सुबह होते ही आरोपी महिला ने बच्चों की हत्या होने का नाटक रचा और पुलिस व ग्रामीणों को गुमराह करने की कोशिश की। घटनास्थल के हालात, बिखरे खून और परिस्थितियों ने पुलिस का शक गहरा कर दिया। जब पुलिस ने महिला से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
8 साल से पीहर में रह रही थी आरोपी महिला
जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला के पति की मौत हो चुकी है और वह पिछले 8 सालों से अपने मायके (पीहर) में ही रह रही थी। एफएसएल (FSL) टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं तथा हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार को बरामद करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की शुरुआती पड़ताल में हत्या के पीछे अवैध प्रेम प्रसंग से जुड़ा कारण होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि इस जघन्य हत्याकांड में महिला के साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।














