भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने नितिन नबीन के लिए अपना समर्थन पत्र सौंपा

नई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने नितिन नबीन के लिए अपना समर्थन पत्र सौप दिया है। इन पत्रों के जरिये उन्होंने उम्मीदवार के प्रति अपना समर्थन जताया है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, नबीन के पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुने जाने की संभावना है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह सहित पार्टी नेतृत्व इस पद के लिए उनकी उम्मीदवारी का समर्थन कर रहे है। यदि ऐसा होता है, तो वे कल औपचारिक रूप से अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण करेंगे। बिहार से पांच बार के विधायक नबीन को हाल ही में पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

इससे पार्टी की चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन कुछ ही देर में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। उनके नामांकन का समर्थन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता कर रहे है।

कैसे होता है बीजेपी अध्यक्ष का चुनाव?
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव पार्टी की राष्ट्रीय परिषद और विभिन्न राज्य परिषदों के प्रतिनिधियों से बने एक निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी पार्टी का राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी करता है। पार्टी के संविधान के मुताबिक, किसी भी राज्य के निर्वाचक मंडल के कम से कम 20 सदस्य मिलकर राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए किसी उम्मीदवार का प्रस्ताव रख सकते हैं। इसके लिए जरूरी है कि उम्मीदवार पार्टी का कम से कम चार कार्यकाल तक सक्रिय सदस्य रहा हो और उसकी सदस्यता को 15 साल पूरे हो चुके हों। इसके अलावा, यह प्रस्ताव कम से कम पांच ऐसे राज्यों से आना चाहिए, जहां राष्ट्रीय परिषद के चुनाव पहले ही पूरे हो चुके हों।

कल होगा राष्ट्रीय अध्यक्ष का शपथ ग्रहण
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन को निर्विरोध भारतीय जनता पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना तय है। वे कल सुबह 11:30 बजे औपचारिक रूप से अध्यक्ष पद की शपथ लेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा, नितिन गडकरी, बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन मंत्री मौजूद रहेंगे।

Exit mobile version