Site icon Yashbharat.com

सीमापुरी इमारत हादसा: बच्चे और गर्भवती महिला समेत 3 की मौत, 11 का रेस्क्यू

IMG 20261007 WA0016

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले के न्यू सीमापुरी इलाके में बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को एक बड़ा हादसा हो गया। ईदगाह मस्जिद (मछली बाजार) के पास दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड की क्लस्टर कॉलोनी में 4 से 5 मंजिला अवैध इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में एक बच्चे और 4 महीने की गर्भवती महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई।

 

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही NDRF, दमकल विभाग, दिल्ली पुलिस और MCD की टीमें मौके पर पहुंचीं। भारी मशीनरी और JCB की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। रेस्क्यू टीमों ने मलबे से 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

 

राजीव गांधी अस्पताल में घायलों का इलाज

 

हादसे में घायल लोगों को ताहिरपुर स्थित राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। बचाव दल मलबे में किसी और व्यक्ति के दबे होने की आशंका को देखते हुए लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटा रहा।

 

25 गज के प्लॉट पर बनी थी इमारत

 

जानकारी के मुताबिक, जिस इमारत के गिरने से यह हादसा हुआ, वह महज 25 गज के प्लॉट पर बनी हुई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार इमारत पहले से जर्जर हालत में थी और उसमें दरारें भी दिखाई दे रही थीं।

 

भूकंप के झटकों से दरारें आने का दावा

 

स्थानीय निवासियों ने बताया कि मंगलवार रात उत्तराखंड में आए भूकंप के झटकों के बाद इमारत में दरारें आई थीं। हालांकि, इमारत गिरने की असली वजह क्या थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

 

आसपास के रास्तों पर ट्रैफिक प्रभावित

 

हादसे के बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी एडवाइजरी जारी की है। लोगों को सीमापुरी गोल चक्कर, डीएलएफ भोपुरा और आसपास के मार्गों से बचने की सलाह दी गई है, ताकि राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए।

 

यह हादसा दिल्ली में इमारतों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करता है। इससे पहले 6 सितंबर 2026 को दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन में भी इमारत हादसा सामने आया था।

Exit mobile version