CM Seekho Kamao Yojana:। मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना के तहत इंदौर में गुरुवार तक 1317 उद्योगों व प्रतिष्ठानों ने पंजीयन करवाया। गुरुवार से इस योजना के लिए निर्धारित पोर्टल पर प्रशिक्षण के लिए इच्छुक युवाओं के पंजीयन करवाने की प्रक्रिया शुरू होनी थी, लेकिन युवाओं के पंजीयन की लिंक गुरुवार को नहीं खुल सकी। ऐसे में युवाओं को शुक्रवार से इस पोर्टल पर पंजीयन करवाने का मौका मिलेगा।

गौरतलब है कि इंदौर में 1500 से अधिक उद्योग व अन्य प्रतिष्ठानों का इस योजना के तहत पंजीयन करवाने का लक्ष्य रखा गया है। गुरुवार को सांवेर रोड सेक्टर बी, सी, एफ व पोलोग्राउंड में शिविर के माध्यम से उद्योगों का पंजीयन करवाया गया।

कालेजों के प्राचार्यों के साथ बैठक करेंगे कलेक्टर

इस योजना के तहत इंदौर में करीब 10 हजार युवाओं को उद्योगों व अन्य प्रतिष्ठानों में प्रशिक्षण दिलवाने का लक्ष्य रखा गया है। शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय में इंदौर के शासकीय व अशासकीय कालेजों के प्राचार्य व उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक होगी। इसमें कालेजों को बताया जाएगा कि वे किस तरह अपने संस्थानों से पास आउट हुए छात्र, अध्ययनरत छात्र व ड्राप आउट छात्रों का इस योजना के लिए पंजीयन करवा सकते हैं।

कालेजों में जाकर जानकारी देंगे आइआइटी के विशेषज्ञ

 

इसके अलावा शुक्रवार से आइटीआइ के विशेषज्ञ कालेजों में जाकर छात्रों व वहां के शिक्षकों को इस योजना की जानकारी देंगे। उन्हें इस योजना में शामिल होने वाले उद्योगों व अन्य प्रतिष्ठानों में प्रशिक्षण के लिए पंजीयन करवाने का तरीका भी बताएंगे।