Site icon Yashbharat.com

रेल से रील तक सुरक्षा बल की पहल: रील्स के माध्यम से लोगों को रेल नियमों की जानकारी देगा रेलवे, इन सोशल मीडिया में एक्टिव हुआ आईआरसीटीसी

railway QR Code

रेल से रील तक सुरक्षा बल की पहल: रील्स के माध्यम से लोगों को रेल नियमों की जानकारी देगा रेलवे, इन सोशल मीडिया में एक्टिव हुआ आईआरसीटीसी। इंटरनेट मीडिया के इस युग में लोगों को रील का फटाफट कंटेंट पसंद आता है। युवा वर्ग से लेकर बड़ी आयु के लोग तक रील्स के रूप 15 से लेकर 90 सेकंड के वीडियो देखकर अपना मनोरंजन करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने लोगों को रेल नियमों की जानकारी देने के लिए रील्स का सहारा लेना शुरू किया। यह शुरुआत सब इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह राजावत ने की और रेल नियमों की जागरूकता से जुड़े उनके वीडियो को 120 मिलियन व्यूज तक मिल चुके हैं।

आरपीएफ के प्रयागराज स्थित मुख्यालय से लगातार लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाने के निर्देश मिलते हैं, लेकिन स्टेशन पर यात्रियों से बातचीत करने और उन्हें जागरूक करने की एक सीमा होती है। ऐसे में रविंद्र सिंह राजावत ने नवाचार करते हुए तकनीक का सहारा लिया और फेसबुक व इंस्टाग्राम जैसे विभिन्न इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर रील्स बनाकर डालनी शुरू कर दीं।

उनकी रील्स की विशेषता यह है कि ये स्क्रिप्टेड नहीं होती हैं, बल्कि ड्यूटी के दौरान उन्हें जो भी नियम का उल्लंघन करता दिखता है, उसे कैमरे में कैद कर लोगों को जागरूक करने के लिए वीडियो तैयार करते हैं कि रेलवे स्टेशन या ट्रेन में ऐसा नहीं करना है। उदाहरण के तौर पर थर्ड एसी कोच में एक यात्री ने अपना मोबाइल चार्जिंग पर लगा दिया और सो गया।

इसी दौरान सब इंस्पेक्टर और आरपीएफ जवानों ने इस घटना को कैमरे में कैद किया और लोगों को जागरूक किया कि यदि यात्रा के दौरान सो रहे हैं, तो फोन को चार्जिंग पर न लगाएं क्योंकि इससे चोरी का खतरा है। इस वीडियो को 120 मिलियन से अधिक लोगों ने देखा और शेयर किया। रविंद्र राजावत ऐसी ही छोटी-छोटी गलतियों जैसे ट्रेन के पायदान पर बैठकर यात्रा करना, रेलवे लाइन क्रास करना, स्टेशन पर धूम्रपान करना, ट्रेन के कोच में सामान रखने की ट्रे के ऊपर पैर रखना, चेन पुलिंग ना करना जैसे जानकारियां रील्स के माध्यम से रोचक तरीके से रखते हैं।

Exit mobile version