नई दिल्ली, एजेंसी। राजधानी में एक सितंबर से स्कूलों को खोलने की घोषणा हो चुकी है। वहीं कई अन्य प्रदेशों में स्कूल खुल गए हैं और राज्यों में स्कूल खोलने की तैयारी है। इस बीच स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी जारी की है स्कूल खुलने के बाद हमें सावधानी बरतनी होगी। इस बारे में एम्स के मेडिसिन विभाग के प्रमुख और प्रोफेसर डॉ. नवनीत विग ने कहा कि जब बच्चे स्कूल जाने लगेंगे, तो बहुत सावधानी बरतनी होगी। यह सावधानी उसी तरह हो, जैसे बिना कोरोना वैक्सीन लगवाए लोग कोरोना को लेकर बरतते हैं।
डॉ. नवनीत विग ने कहा कि देश में और अधिक टीके आएंगे और अधिक टीकाकरण किया जाएगा। लेकिन समस्या यह है कि वैक्सीन सभी को लेनी है। जब तक सभी को टीका नहीं लगाया जाता और लोग सावधानी नहीं बरतते, हम इस देश को कोरोना को खत्म नहीं कर सकते।
बच्चों के स्कूल जाने में खतरा
डॉ. नवनीत ने कहा कि यह सही है कि बच्चे घर पर रहते हुए उकता गए हैं, लेकिन हमें इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि स्कूल जाने में अभी भी ज्यादा खतरा है। उन्होंने कहा कि हमें यह ध्यान रखना है कि क्या करना है और क्या नहीं करना है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अभी भी वैक्सीन नहीं लगी है। ऐसे में और ज्यादा सतर्कता बरतनी होगी। बच्चों का परिवहन, बच्चों को अलग करना और शारीरिक दूरी तय करने जैसे कई मुद्दे हैं।

