Site icon Yashbharat.com

Car Accident : कटनी का दुबे परिवार मैहर के पास हादसे का शिकार, 3 की मौत

car

कटनी। अपनी चचेरी बहन विवाह समारोह में शामिल होने उत्तरप्रदेश के गोरखपुर शहर जा रहा कटनी का दुबे परिवार राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 7 पर अमदरा थाना अंतर्गत ग्राम कुसेड़ी के पास दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। दुबे परिवार की डिजायर कार विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से टकरा गई। जिसके कारण कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दुबे परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी व भतीजा शामिल है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही अमदरा पुलिस मौके पर पहुंच गई और कार के अंदर बुरी तरह फंसे शव मशक्कत के बाद बाहर निकलवाकर उन्हे पीएम के लिए मैहर अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक को जप्त कर लिया है जबकि चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस चालक के विरूद्ध मामला दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है। इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक माईनदी के समीप स्थित गोकुलधाम कालोनी निवासी एवं सेना से सेवानिवृत्ति के पश्चात भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में कैशियर के पद पर पदस्थ 50 वर्षीय संतोष दुबे आज सुबह अपनी 45 वर्षीय पत्नी रीमा दुबे व 30 वर्षीय भतीजे अवनीश दुबे के साथ आज सुबह अपनी डिजायर कार क्रमांक एम.पी.21सीए-6778 में सवार होकर अपनी चचेरी बहन रंजना दुबे के विवाह समारोह में शामिल होने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर शहर के लिए रवाना हुए। उसीदौरान तेज रफ्तार कार राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 7 पर अमदरा थाना अंतर्गत ग्राम कुसेड़ी के पास विपरीत दिशा से दानवी रफ्तार में आ रहे ट्रक क्रमांक यू.पी.63टी-9170 से टकरा गई। बताया जाता है कि कार व ट्रक के बीच भिड़ंत इमनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार संतोष दुबे, उनकी पत्नी रीमा दुबे व भतीजे अवनीश दुबे की मौके पर ही मौत हो गई।


मशक्कत के बाद शव निकाले गए बाहर
एक जानकारी में बताया जाता है कि ट्रक की ठोकर से कार के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था तथा उसके चारों दरवाजे भी चिपट गए थे। जिसके कारण दुर्घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची अमदरा पुलिस को कार के अंदर फंसे संतोष दुबे, रीमा दुबे व अवनीश दुबे के शव को मशक्कत के बाद बाहर निलवाया और उन्हे परीक्षण के लिए मैहर अस्पताल भिजवाया। जहां शवपरीक्षण के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।


बनारस में होगा अंतिम संस्कार
वहीं जानकारी में यह भी बताया जाता है कि संतोष दुबे मूलतः उत्तर प्रदेश के बनारस शहर के पास बलिया के निवासी हैं तथा यहां सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद भारतीय स्टेट बैंक में कैशियर की नौकरी लगने के बाद आ गए थे तथा गोकुलधाम कालोनी में मकान लेकर रहते थे। परिजनों के मुताबिक संतोष दुबे, उनकी पत्नी रीमा दुबे व भतीजे अवनीश दुबे का अंतिम संस्कार उनके गृहग्राम बलिया में किया जाएगा।


शादी की खुशियां मातम में बदली
उल्लेखनीय है कि संतोष दुबे अपनी चचेरी बहन रंजना दुबे के विवाह समारोह में शामिल होने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर शहर जा रहे थे। जहां उनके पहुंचने का इंतजार उनके बच्चों सहित परिवार के अन्य सदस्य कर रहे थे लेकिन आज सुबह जैसे ही सड़क दुर्घटना में संतोष दुबे, रीमा दुबे व अवनीश दुबे के कालकवलित होने की खबर गोरखपुर पहुंची वैसे ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और मंगल गीतों की जगह रोना पीटना शुरू हो गया।

Exit mobile version