सेफ क्लिक 2.0 अभियान का समापन: कटनी पुलिस ने 110 गुम मोबाइल खोजकर लौटाए, लोगों के चेहरों पर लौटी मुस्का
कटनी। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर सुरक्षा अभियान के समापन अवसर पर कटनी पुलिस ने एक उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए भारत सरकार के CEIR पोर्टल की मदद से 110 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।
अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। सभी मोबाइल धारकों ने कटनी पुलिस का आभार व्यक्त किया तथा साइबर अपराधों से सतर्क रहने और दूसरों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की शपथ ली।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में साइबर सेल कटनी को जिले में गुम हुए मोबाइलों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। जिले के विभिन्न थानों तथा प्रदेश के अन्य जिलों की पुलिस और साइबर सेल के सहयोग से लगातार सर्चिंग अभियान चलाकर इन मोबाइलों का पता लगाया गया।
जानकारी के अनुसार, जिले के विभिन्न नागरिकों ने अपने मोबाइल गुम होने के बाद कटनी साइबर सेल एवं CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। इन आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए साइबर सेल ने तकनीकी सहायता और समन्वय के माध्यम से सभी 110 मोबाइलों को खोज निकाला, जिन्हें अभियान के समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा उनके मालिकों को सौंपा गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने आमजन से अपील की कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर मोबाइल के IMEI नंबर को ब्लॉक कराएं। उन्होंने बताया कि इस पोर्टल के माध्यम से कोई भी नागरिक स्वयं ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर उसकी प्रगति की जानकारी प्राप्त कर सकता है, जिससे समय की बचत होती है और पुलिस एवं जनता के बीच पारदर्शिता भी बनी रहती है।
पुलिस के अनुसार अधिकांश मोबाइल साप्ताहिक बाजारों में लापरवाहीवश गिर जाने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भूल जाने अथवा यात्रा के दौरान जेब से गिरने के कारण गुम हुए थे। साइबर सेल की लगातार तकनीकी सर्चिंग और विभिन्न जिलों की पुलिस के समन्वित प्रयासों से इन मोबाइलों को बरामद किया जा सका।
कटनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर घबराने के बजाय तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें तथा साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करते हुए डिजिटल सतर्कता बनाए रखें।