Site icon Yashbharat.com

RR को हराकर KKR पहुंची आईपीएल के क्वालीफायर 2 में

kkr joy23 2018523 221912 23 05 2018

कोलकाता। कोलकाता नाइटराइडर्स ने बुधवार को आईपीएल 2018 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 25 रनों से हराया। केकेआर ने इसी के साथ 25 मई को होने वाले आईपीएल के दूसरे क्वालीफायर में प्रवेश किया, जहां उसका मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। केकेआर ने कप्तान दिनेश कार्तिक की फिफ्टी की मदद से 7 विकेट पर 169 रन बनाए। जवाब में राजस्थान 4 विकेट पर 144 रन ही बना पाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे राजस्थान को अजिंक्य रहाणे और राहुल त्रिपाठी ने तेज शुरुआत दिलाई। त्रिपाठी 20 रन बनाकर पीयूष चावला की गेंद पर रिटर्न कैच थमा बैठे। उन्होंने रहाणे के साथ पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़े। संजू सैमसन के साथ दूसरे विकेट के लिए 62 रन जोड़ने के बाद रहाणे पैवेलियन लौटे। वे 4 चौकों और 1 छक्के की मदद से 46 रन बनाने के बाद कुलदीप यादव के शिकार बने। सैमसन ने चावला की गेंद पर सिंगल लेते हुए फिफ्टी पूरी की। वे चावला की गेंद पर लंबा शॉट लगाने के प्रयास में सियरलेस को कैच थमा बैठे। उन्होंने 38 गेंदों में 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 50 रन बनाए।

राजस्थान रॉयल्स ने कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। केकेआर की शुरुआत बेहद खराब रही जब सुनील नरेन मात्र 4 रन बनाकर के. गौतम की गेंद पर विकेटकीपर हेनरिक क्लासेन ने स्टम्प कर दिया। रॉबिन उथप्पा एक बार फिर असफल रहे और मात्र 3 रन बनाकर गौतम को रिटर्न कैच दे बैठे। इस विषम स्थिति में नीतिश राणा (3) ने जोफ्रा आर्चर की गेंद पर जोखिमभरा शॉट खेलने के प्रयास में मिडऑन पर जयदेव उनादकट को कैच थमा दिया। अब उम्मीदें लिन और गंभीर पर टिक गई थी, लेकिन लिन 18 रन बनाने के बाद श्रेयस गोपाल को रिटर्न कैच थमा बैठे।

51/4 की खराब स्थिति के बाद कार्तिक ने शुभमन गिल के साथ मिलकर पारी को संभलाते हुए पांचवें विकेट के लिए 55 रन जोड़े। जोफ्रा आर्चर ने गिल (28 रन, 13 गेंद, 4 चौके, 1 छक्का) को विकेटकीपर क्लासेन के हाथों झिलवाकर इस भागीदारी को तोड़ा। कार्तिक ने जयदेव उनादकट की गेंद पर छक्का लगाकर फिफ्टी पूरी की। वे 35 गेंदों में 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से अर्द्धशतक तक पहुंचे। रसेल 25 गेंदों में 3 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 49 रन बनाकर नाबाद रहे।

दोनों टीमों ने कोई बदलाव नहीं किया और समान प्लेइंग इलेवन के साथ उतरने का निर्णय लिया। कोलकाता नाइटराइडर्स का बुधवार को आईपीएल 2018 के एमिलिनेटर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पलड़ा भारी रहने का अनुमान है। केकेआर को इस मैच में घरेलू दर्शकों के बीच खेलने का लाभ ‍भी मिलेगा। इस मैच के विजेता का 25 मई को होने वाले दूसरे क्वालीफायर में सनराइजर्स हैदराबाद से मुकाबला होगा।

केकेआर ने राउंड राॉबिन दौर में घरेलू और बाहरी मैचों में राजस्थान को हराया था। दिनेश कार्तिक की कोलकाता टीम ने पिछले महीने जयपुर में 7 विकेट से जीत दर्ज की थी और पिछले सप्ताह ईडन गार्डंस पर 6 विकेट से जीत हासिल कर प्लेऑफ में जगह पक्की की थी।

केकेआर ने लगातार तीन दर्ज कर छठी बार प्लेऑफ में जगह बनाई। केकेआर ने इस सत्र का सबसे ज्यादा स्कोर बनाया, वहीं टॉप पर रहे सनराइजर्स को बुरी तरह हराया भी था। प्लेऑफ में केकेआर एकमात्र ऐसी टीम है जिसे घरेलू समर्थकों के सामने खेलने का लाभ मिलेगा।

दो वर्ष के निलंबन के बाद आईपीएल में वापसी करने वाली राजस्थान को प्लेऑफ के ठीक पहले झटका लगा जब उसके दो स्टार खिलाड़ी जोस बटलर और बेन स्टोक्स राष्ट्रीय टीम में सेवा देने के लिए इंग्लैंड लौट गए। मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन की अंतिम मैचों में हार की वजह से राजस्थान प्लेऑफ में पहुंच पाया। राजस्थान की चुनौती केकेआर की स्पिन तिकड़ी (सुनील नरेन, कुलदीप यादव और पीयूष चावला) से निपटना होगा। कप्तान अजिंक्य रहाणे चाहेंगे कि बल्लेबाज जिम्मेदारीभरा प्रदर्शन करे। दक्षिण अफ्रीकी हेनरिक क्लासेन से टीम प्रबंधन विस्फोटक बल्लेबाजी चाहेगा।

Exit mobile version