Rohit Shekhar Murder Case : अपूर्वा शुक्ला की अंतरिम जमानत फिर हुई खारिज, कोर्ट ने ये कहा…

नई दिल्ली. एन डी तिवारी (N D Tiwari) के बेटे रोहित शेखर तिवारी की हत्या (Rohit Shekhar Murder) मामले में आरोपी पत्नी अपूर्वा शुक्ला (Apoorva Shukla) की अंतरिम जमानत (Interim Bail) अर्जी खारिज हो गई है. दिल्ली की साकेत कोर्ट ने सोमवार को फैसला सुरक्षित रखा था. आज कोर्ट ने शुक्ला की अंतरिम जमानत याचिका खारिज कर दी. अपूर्वा ने कोर्ट से 2 महीने के लिए अंतरिम जमानत मांगी थी. अपूर्वा ने कोर्ट से कहा है कि वह जेल में गिर जाने के कारण स्लिपडिस्क से परेशान है इसलिए उसे दो महीने के लिए अंतरिम जमानत दी जाए. अपूर्वा एक साल से भी ज्यादा समय से जेल में बंद है.
अपूर्वा की अंतरिम जमानत पर मंगलवार को फैसला
बता दें कि इस मामले में आरोप पत्र दाखिल हो चुका है. दिल्ली पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या की धारा में 18 जुलाई को 518 पन्नों का आरोप पत्र दाखिल किया था. कोर्ट इस पर संज्ञान ले चुकी है. रोहित शेखर की 15 अप्रैल 2019 की रात गला दबाकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में रोहित शेखर तिवारी की पत्नी अपूर्वा को 24 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था. दिल्ली पुलिस के चार्जशीट के मुताबिक रोहित शेखर तिवारी की हत्या अपूर्वा शुक्ला ने की है.
अपूर्वा शुक्ला ने पहले भी कोर्ट में अंतरिम जमानत की अर्जी दी थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार नहीं किया था. पिछले साल जुलाई में भी दिल्ली पुलिस के द्वारा आरोप पत्र दाखिल करने के बाद अपूर्वा ने जमानत के लिए याचिका दायर की थी.
15 अप्रैल 2019 की रात को रोहित की हत्या हुई थी
बता दें कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री एन डी तिवारी के पुत्र रोहित शेखर की 15 अप्रैल 2019 की रात गला दबाकर हत्या कर दी गई थी. दिल्ली पुलिस की तहकीकात में पता चला था कि रोहित शेखर तिवारी और पत्नी अपूर्वा में संबंध अच्छे नहीं चल रहे थे. दिल्ली पुलिस की पूछताछ में अपूर्वा ने बताया था कि रोहित के अपने भाभी के साथ अवैध संबंध थे. दिल्ली पुलिस के मुताबिक उत्तराखंड से लौटते वक्त जब अपूर्वा ने रोहित को वीडियो कॉल किया था तो वह अपनी भाभी के साथ शराब पी रहा था. आरोप पत्र में कहा गया है कि उस रात जब रोहित दिल्ली लौटे तो दोनों के बीच कलह शुरू हुई थी. जिसके बाद ही आधी रात को अपूर्वा ने तकिया से मुंह दबाकर रोहित की हत्या कर दी थी.
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत नारायण दत्त तिवारी के बेटे रोहित शेखर तिवारी की शादी साल 2018 में हुई थी. दिल्ली के अशोका होटल में दोनों ने शादी की थी. अपूर्वा शुक्ला मध्य प्रदेश की इंदौर की रहने वाली हैं. कहा जाता है कि उनकी और रोहित की मुलाकात दिल्ली में हुई थी. रोहित शेखर और अपूर्वा शुक्ला दोनों वकील थे.








