Site icon Yashbharat.com

Rewa में बोले शाह- महागठबंधन की सरकार बनी तो हर दिन अलग होगा प्रधानमंत्री

amit shah 3

रीवा। पांचवें चरण के चुनाव के लिए आज प्रचार का आखिरी दिन है।सोमवार को मध्य प्रदेश की सात लोकसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। इसमें रीवा, सतना, टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, होशंगाबाद और बैतूल सीटें शामिल हैं। ऐसे में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह आज रीवा पहुंचे। यहां के गोविंदगढ़ में उनकी सभा हो रही है। अमित शाह यहां भाजपा उम्मीदवार जर्नादन मिश्रा के प्रचार के लिए पहुंचे हुए हैं। यहां उनका मुकाबला कांग्रेस के सिद्धार्थ तिवारी से है।

इस मौके पर भाजपा अमित शाह ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष के नाते 8 विधान सभा में जीत को लेकर आभार प्रकट करने आया हूं। देश में हर तरफ मोदी-मोदी की गूंज सुनाई दे रही है। देश के 125 करोड़ लोग मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाना चाहते हैं। आज प्रधानमंत्री मोदी ने देश में 8 करोड़ शौचालय बनवाए। 13 करोड़ लोगों को गैस सिलेंडर दिए। गरीबों के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए आयुष्मान योजना लाए। इस योजना के जरिए ही 24लाख 25 हज़ार लोगों का ऑपरेशन कराया गया, उन्हें अच्छा इलाज मिला है। भाजपा ने काग्रेस से चार गुना ज्यादा राशि मध्यप्रदेश को दी।

भाजपा कार्यकर्ता को प्रताड़ित न करें कमलनाथ: शाह

अमित शाह ने मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि,” चार महीने के भीतर ही 281 करोड़ रुपए पकड़े हैं। अभी 55 महीने बाकी हैं। ऐसे में भ्रष्टाचार का अंदाजा लगाया जा सकता है। इतना ही नहीं उन्होंने कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि, अगर भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया गया तो पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता इसका जवाब देगा। मध्य प्रदेश सरकार सिमी को बढ़ावा देने की कोशिश कर रही है, जबकि हमारी सरकार इससे सख्ती से निपटी थी। राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर खिलवाड़ न करें, वरना हाथ जल जाएगा।”

‘मोदी पीएम बने तो खत्म करेंगे धारा 370’

इस मौके पर अमित शाह ने फिर से एक बार दोहराया कि अगर नरेंद्र मोदी दोबारा पीएम बने तो हम देश से धारा 370 को खत्म कर देंगे। जो भारत माता के टुकड़े होने की बात करेगा, वो जेल की सलाखों के पीछे जाएगा। अमित शाह ने महागठबंधन और कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि, महागठबंधन का नेता कौन है। ये अभी तय नहीं हो पाया है। यहां दिन के हिसाब से प्रधानमंत्री बनाने की कोशिश चल रही है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि मेरे पास एक कार्यकर्ता का मैसेज आया कि मैं बताता हूं कि इनका नेता कौन है? पूछने पर जवाब मिला कि सोमवार को मायावती, मंगलवार को अखिलेश यादव, बुधवार को शरद पवार, गुरुवार को देवेगौड़ा, शुक्रवार को चंद्रबाबू, शनिवार को ममता दीदी और रविवार को देश छुट्टी पर चला जाएगा।

Exit mobile version