कटनी। शारदेय नवरात्र के अवसर पर पाठक वार्ड स्थित रामलीला परिसर में आयोजित भजन संध्या में लोकप्रिय भजन गायक मनीष अग्रवाल ने महामाई के भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल भक्तिमय कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सुप्रसिद्ध भजन गायक मनीष अग्रवाल मौनी बाबा ने जैसे ही ‘अंगना पधारो महारानी, मेरी शारदा भवानी’ भजन प्रस्तुत किया, पूरा पंडाल माता रानी के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भजनों पर झूमते रहे और देर रात तक भक्ति का सिलसिला चलता रहा।
शारदा नवयुवक दुर्गोत्सव समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मनीष अग्रवाल ने अपने भजनों के माध्यम मां दुर्गा की महिमा का गुणगान किया। उन्होंने आयोजन का अवसर देने के लिए समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महामाई के भजनों को प्रस्तुत करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
मनीष अग्रवाल ने विजयराघवगढ़ विधायक श्री संजय सत्येंद्र पाठक, नगर निगम अध्यक्ष श्री मनीष पाठक और युवा भाजपा नेता श्री यश पाठक के प्रति भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनके आमंत्रण पर एक बार फिर कटनी आकर महामाई के भजनों की प्रस्तुति देने का अवसर मिला। आयोजन के दौरान रामलीला परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल रहा।

