Rainfall Alert मौसम प्रणालियों के असर से मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है। विशेषकर पूर्वी मध्य प्रदेश में बादल छाने लगे हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार रविवार-सोमवार को जबलपुर, शहडोल, रीवा, नर्मदापुरम, चंबल संभाग के जिलों में गरज–चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान जबलपुर, शहडोल संभाग के जिलों में कहीं–कहीं ओले भी गिर सकते हैं। शेष क्षेत्रों में आंशिक बादल बने रह सकते हैं, लेकिन दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी।
उधर शनिवार को मध्य प्रदेश में सबसे अधिक 36.8 डिग्री सेल्सियस तापमान नर्मदापुरम में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान के पास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है।
राजस्थान के उत्तर–पूर्वी भाग में भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से लेकर दक्षिणी उत्तर प्रदेश से होकर असम तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। इसके अतिरिक्त कर्नाटक से विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड से होते हुए बिहार तक उत्तर–दक्षिण ट्रफ लाइन बनी हुई है।

