Railway Good News: रेलवे कर्मचारियों को दीवाली का बड़ा तोहफा: 11.40 लाख कर्मचारियों को मिलेगा 78 दिनों का बोनस (PLB)
नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में भारतीय रेलवे के कर्मचारियों के हित में एक बड़ा फैसला लिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट ने 11.40 लाख से अधिक नॉन-गजेटेड रेलवे कर्मचारियों को 78 दिनों का ‘प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस’ (PLB) देने की मंजूरी दे दी है।
घोषणा की जानकारी देते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस बोनस के भुगतान पर सरकार कुल ₹2,009.61 करोड़ खर्च करेगी। यह राशि हर साल की तरह इस बार भी दुर्गा पूजा और दशहरा के त्योहारों से पहले पात्र कर्मचारियों के खातों में भेज दी जाएगी।
कितना होगा एक कर्मचारी को भुगतान?
मौजूदा नियमानुसार बोनस की गणना ₹7,000 की वेतन सीमा के आधार पर 78 दिनों के लिए की जाती है।प्रति पात्र कर्मचारी को अधिकतम ₹17,951 का बोनस दिया जाएगा। ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड), स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, पॉइंट्समैन, टेक्नीशियन हेल्पर, मिनिस्ट्रियल स्टाफ और ग्रुप ‘C’ (Non-Gazetted) कर्मचारी।
रेलवे का शानदार प्रदर्शन रहा वजह
वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान भारतीय रेलवे का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा, जिसके फलस्वरूप कर्मचारियों को यह प्रोत्साहन दिया जा रहा है:
रिकॉर्ड माल ढुलाई (Cargo): रेलवे ने 1,670 मिलियन टन माल लोड कर नया रिकॉर्ड बनाया।
यात्री परिवहन: इस दौरान लगभग 7.41 बिलियन (741 करोड़) यात्रियों ने ट्रेन से यात्रा की।
रेलवे यूनियनों की मांग
हालांकि सरकार ने ₹7,000 की वेतन सीमा के तहत ₹17,951 बोनस देने की घोषणा की है, लेकिन ‘इंडियन रेलवेज टेक्निकल सुपरवाइजर्स एसोसिएशन’ (IRTSA) ने इस सीमा में संशोधन की मांग की है। एसोसिएशन का तर्क है कि अकुशल कर्मचारियों की न्यूनतम मजदूरी ₹21,000 है, इसलिए बोनस गणना की सीमा को ₹18,000 + डीए (DA) किया जाना चाहिए ताकि कर्मचारियों को कम से कम ₹46,184 का बोनस मिल सके।










