Railway Exam : रेलवे के लाखों कर्मचारियों के लिए यह खुशखबरी है। अब उनका अधिकारी बनने का सपना आसानी से पूरा हा सकेगा।
विभागीय परीक्षा को लेकर अब रेलवे ने नियमों में बदलाव कर दिया है। नई व्यवस्था के बाद से कर्मचारी को प्रमोशन पाने में मदद मिल सकेगी। रेलवे बोर्ड ने ग्रुप सी से बी में विभागीय पदोन्नति के लिए होने वाली परीक्षा में फिर संशोधन किया है।
एक माह पहले बनाई गई प्री व मेंस परीक्षा की व्यवस्था खत्म कर दी गई है। अब केवल एक परीक्षा होगी। 60 फीसद या अधिक अंक पाने वाले साक्षात्कार के लिए बुलाए जाएंगे। पहले यह सीमा 75 फीसद थी। माइनस मार्किंग और पूरे देश में एक साथ परीक्षा की व्यवस्था यथावत रहेगी।
नई व्यवस्था एक जनवरी 2021 के बाद रिक्त पदों के सापेक्ष होने वाली सीमित विभागीय (70 और 30 फीसद) प्रतियोगी परीक्षा में समान रूप से लागू होगी। इससे कर्मचारी से अधिकारी बनने की राह आसान हो गई है। परीक्षा में एक-एक नंबर के 125 बहुविकल्पीय सवाल पूछे जाएंगे। हर गलत जवाब पर एक तिहाई अंक कटेगा। इसमें सौ प्रश्न हल करना अनिवार्य होगा। रेलवे के कई जोन में पदोन्नति परीक्षाएं चल रही हैं।

