Thursday, May 7, 2026
Latest:
katniLatest

अवकाश को लेकर भड़के NKJ में रेल कर्मचारी, घण्टों चला हंगामा

कटनी। देश के बड़े रेल रिपेयरिंग वर्किंग एनकेजे NKJ में आज सुबह से रेल कर्मचारियों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। डिवीजनल मैकेनिकल इंजीनियर के खिलाफ अवकाश से जुड़े मामले को लेकर कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा किया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके चलते वैगन सुधार विभाग में कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद का केंद्र रेल कर्मचारियों के अवकाश से संबंधित मामला है, जिसे लेकर कर्मचारियों में लंबे समय से असंतोष पनप रहा था। आज सुबह यह असंतोष विरोध प्रदर्शन के रूप में सामने आया। कर्मचारियों का आरोप है कि अवकाश संबंधी मामलों में अनावश्यक हस्तक्षेप और मनमानी रवैया अपनाया जा रहा है, जिससे कार्य वातावरण प्रभावित हो रहा है।

मामले की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आया। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। आरपीएफ एवं रेलवे अधिकारियों द्वारा प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को समझाइश दी जा रही है, ताकि कामकाज सामान्य किया जा सके।

फिलहाल रेलवे प्रशासन और कर्मचारियों के बीच बातचीत का दौर जारी है। प्रशासन का प्रयास है कि आपसी संवाद के जरिए विवाद का समाधान निकाला जाए और रेल परिचालन पर पड़ने वाले प्रभाव को रोका जा सके। वहीं, कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाएगा, तब तक असंतोष बना रहेगा।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम