Raid: रोजगार सहायक 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते EOW ने किया रंगे हाथों गिरफ्तार

शिवपुरी जिले में सोमवार को ईओडब्ल्यूEOW की टीम ने खनियाधाना तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत मुहारी कलां के रोजगार सहायक राघवेंद्र लोधी को मनरेगा के कार्यों के मस्टर भरने के एवज में महिला सरपंच के देवर बृजपाल लोधी से 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
रोजगार सहायक ने मनरेगा से प्रचलित विकास कार्यों के मस्टर भरने के एवज में 5 प्रतिशत कमीशन के तौर पर 4.30 लाख रुपये की मांग की थी। बाद में इनके बीच तीन लाख रुपये में डील हुई थी। कार्रवाई के संबंध में ईओडब्लूEOW इंस्पेक्टर यशवंत गोयल ने बताया कि महिला सरपंच अभिलाशा के देवर बृजपाल लोधी ने 10 हजार रुपये की पहली किस्त रविवार को ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक को दी थी।
दूसरी किस्त सोमवार को दोपहर में ग्राम पंचायत भवन में देनी थी जो ईओडब्ल्यू EOW की जानकारी में थी। जैसे ही 30 हजार रुपये की दूसरी किस्त बतौर रिश्वत रोजगार सहायक के हाथ में ब्रजपाल ने रखी वैसे ही ईओडब्ल्यू की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।








