नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत के तहत कटनी में जन-जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, शपथ एवं युवा संवाद का आयोजन
कटनी। नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के अंतर्गत “नशामुक्त युवा – युवा संवाद मेला” के तहत कटनी में जन-जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, नशामुक्ति शपथ एवं युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।
यह आयोजन प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय कटनी, शासकीय कन्या महाविद्यालय कटनी, विभिन्न महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, जिला प्रशासन कटनी तथा भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, जिला कटनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत फॉरेस्टर प्लेग्राउंड, कटनी से मुख्य रेलवे स्टेशन, कटनी तक जन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को प्राचार्य डॉ सुनील कुमार बाजपेयी, प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात, समाजसेवी अमित कनकने, अरविंद तिवारी एवं रेडक्रॉस सचिव अभिनंदन शर्मा, (एनएसएस) जिला संगठक डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
मुख्य रेलवे स्टेशन परिसर में विद्यार्थियों द्वारा नशे के दुष्परिणामों पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से लोगों को नशे की लत से होने वाले सामाजिक, पारिवारिक एवं व्यक्तिगत नुकसान के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने की शपथ भी ली।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशे से दूर रहने, अपने परिवार एवं मित्रों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ, सकारात्मक एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत का मजबूत आधार हैं। शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के समन्वित प्रयासों से ही नशे के विरुद्ध व्यापक जन-जागरूकता उत्पन्न की जा सकती है।
जन-जागरूकता रैली एवं युवा संवाद कार्यक्रम में श्रीमती वंदना गेलानी, डॉ. बिमला मिंज, डॉ. पारस जैन (सिलिकोवाइड्स डिग्री कॉलेज के संचालक), डॉ. सरदार दिवाकर, डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह, सागर पटेल, डॉ. शैलेंद्र वर्मा, ओमप्रकाश सोनी, अब्दुल बारी, डॉ. अंजनेय तिवारी, डॉ. प्रतिमा सिंह, डॉ. सोनिया कश्यप, दिव्यांशु कुररिया (सहायक ग्रेड-3), नोबल हार्ट पब्लिक स्कूल के संचालक अनिल गर्ग, भीम बर्मन एवं प्रेमलाल कावरे, अमृतांश दुबे ,खेल शिक्षक। सहित विभिन्न संस्थाओं के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं एवं आम नागरिकों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने और स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण के लिए सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया गया।

