Site icon Yashbharat.com

Project Pankh: इफ़को में प्रोजेक्ट पंख की कटनी जिले की पहली ड्रोन दीदी बनीं कंचन दुबे

drone didi

Project Pankh: इफ़को में प्रोजेक्ट पंख की कटनी जिले की पहली ड्रोन दीदी कंचन दुबे बनीं। कटनी कलेक्टर अवि प्रसाद के नवाचार प्रोजेक्ट पंख के अन्तर्गत जि़ला खनिज प्रतिष्ठान एवं जि़ला ई गवर्नेंस सोसाइटी द्वारा शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में संचालित ड्रोन प्रशिक्षण केंद्र से ड्रोन तकनीक का प्रशिक्षण प्राप्त कर छात्रा कंचन दुबे जिले की पहली ड्रोन दीदी बन गई हैं।

इफको में हुई चयनित,फूलपुर फर्टिलाइजर यूनिट में कंचन को दिया जाएगा प्रशिक्षण

इनका चयन भारत सरकार की स्वायत्त सहकारी संस्था इफ़को में ड्रोन दीदी महिला उद्यमी के तौर पर हुआ है । जिसके तहत कंचन दुबे को इफ़को के फर्टिलाइजर प्रोडक्शन यूनिट फूलपुर उत्तरप्रदेश में 15 दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान कर एग्री ड्रोन व इलेक्ट्रिक वाहन निःशुल्क प्रदान किया जाएगा ।

ड्रोन दीदी योजना का शुभारंभ

विदित हो कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 30 नवंबर 2023 को कृषि क्षेत्र में तकनीकी प्रौद्योगिकी को बढावा देने के साथ महिला सशक्तिकरण हेतु ड्रोन दीदी योजना का शुभारंभ किया था।कलेक्टर अवि प्रसाद ने इस अवसर पर कंचन दुबे को शुभकामनाएँ देते हुये कहा कि प्रोजेक्ट पंख ड्रोन के क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण हेतु प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पीएम ड्रोन दीदी संकल्पना को पूर्ण करने की दिशा में जि़ला प्रशासन का एक कदम है ।

श्री प्रसाद ने कहा कि कृषि क्षेत्र में ड्रोन के उपयोग से ना केवल कृषि उत्पादकता एवं कृषकों की आय में वृद्धि होगी वरन इस कार्य को आजीविका के रूप में अपना कर महिलाओं के जीवन स्तर में भी सुधार होगा ।

इफ़को द्वारा पूरे देश में 2500 ड्रोन प्रदान किए जाएंगे

इफ़को के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा महिलाओं को स्वरोजगार हेतु प्रेरित करने हेतु तथा कृषि में नवाचार एवं आय के स्रोत बढ़ाने हेतु एंटरप्रेन्योर के रूप में स्थापित करने के लिए विश्व की अग्रणी उर्वरक निर्माता संस्था इफको द्वारा एग्री ड्रोन प्रदान किया जा रहे हैं ।

इफ़को द्वारा पूरे देश में 2500 ड्रोन प्रदान किए जाएंगे साथ ही 5000 एंटरप्रेन्योर भी तैयार किए जा रहे हैं । इसी के तहत इफ़को के राज्य विपणन प्रबंधक श्री प्रकाश चंद्र पाटीदार की अध्यक्षता में ऑनलाइन इंटरव्यू के माध्यम से बहोरीबंद निवासी कंचन दूबे का चयन किया गया है ।

श्री मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रीमती दुबे को इफ़को के फर्टिलायजर प्रोडक्शन यूनिट फूलपुर उत्तरप्रदेश में दिनांक 2 जनवरी से 16 जनवरी तक 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा साथ ही प्रशिक्षण का संपूर्ण खर्च भी इफ़को द्वारा वहन किया जाएगा ।

प्रशिक्षण के उपरांत श्रीमती दुबे को एग्री ड्रोन, जेनरेटर एवं परिवहन हेतु ई व्हीकल भी इफ़को द्वारा निशुल्क प्रदान किया जाएगा । महिला उद्यमी उक्त उपकरणों के माध्यम से निर्धारित शुल्क प्राप्त कर किसानों के खेतों में नैनो यूरिया, नैनो डीएपी तथा अन्य जल विलेय उर्वरक ,फफूंद कीटनाशक आदि दवाओ का स्प्रे कर उद्यमिता अर्जित करने में सक्षम होंगी ।

 

Exit mobile version