Press Conference में बोले राहुल गांधी- कांग्रेस ने निभाई मजबूत विपक्ष की भूमिका

नई दिल्ली। Rahul Gandhi Press Conference कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अंतिम चरण  के चुनाव प्रचार खत्‍म होने से पहले प्रेस कांफ्रेस में पीएम नरेंद्र मोदी पर तंज कसा। उन्‍होंने कहा कि चुनाव रिजल्ट से चार-पांच दिन पहले पीएम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। उन्‍होंने सवाल किया कि आपने मुझसे राफेल पर बहस क्यों नहीं किया? आपने अनिल अंबानी को 30 हजार करोड़ रुपये क्‍यों दिया।

चुनाव आयोग पर सवाल करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव आयोग की भूमिका इस चुनाव में पक्षपात पूर्ण रही। मोदी जी जो भी कहना चाहते हैं, वो कहते रहे जबकि हमें एक ही बात कहने से रोका जाता है। ऐसा लगता है कि चुनाव कार्यक्रम मोदी जी के चुनाव प्रचार के लिए बनाया गया था। कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि हमने प्रभावी ढंग से जनता के मुद्दे उठाए। मोदी जी के पास असीमित धनबल, मार्केटिंग, टीवी प्रचार था; हमारे पास सिर्फ “सच्चाई” थी और सच्चाई जीतेगी।

उन्‍होंने मीडिया से सवाल किया कि मुझसे न्याय योजना का पैसा कहां से आएगा..ये सब सवाल पूछते रहे और तो पीएम से आम खाने के तरीके और कपड़ों पर सवाल से आगे बढ़ मुद्दों पर सवाल नही पूछे। उन्‍होंने कहा कि सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह का बहुत अनुभव है। मैं नरेंद्र मोदी नहीं हूं। मैं अनुभवी लोगों को धक्का मारकर नहीं भगाता हूं। कांग्रेस उनके अनुभव का फायदा उठाएगी।

राहुल गांधी ने कहा कि मुझे यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि हमने मोदी और भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ी और हमारे संस्थानों की रक्षा की। यही हमारा मूल कर्तव्य है। राहुल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने मजबूती से विपक्ष की भूमिका निभाई। हमने मोदी की भ्रष्टाचार-विरोधी सच्चाई की पोल खोली।

उन्‍होंने कहा कि हमारी दूसरी प्राथमिकता है कि कांग्रेस की विचारधारा को विस्तार दिया जाए और हमारी तीसरी प्राथमिकता विधानसभा चुनाव जीतना है। लेकिन विचारधारा के स्तर पर मायावती जी, मुलायम जी, ममता जी और चंद्रबाबू नायडू जी हमारे साथ हैं, वे भी नरेन्द्र मोदी को हराना चाहते हैं।

23 मई को जनता का मूड पता चल जाएगा। स्थिति साफ हो जाएगी कि कौन प्रधानमंत्री बनेगा, कौन नहीं बनेगा। जनता मालिक है जो आदेश होगा, उसका पालन होगा। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने चुनाव अभियान के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का शुक्रिया अदा किया।

Exit mobile version