प्रज्ञान ओझा बने भारतीय क्रिकेट टीम के नए चीफ सेलेक्टर, रमेश पोवार चयन समिति में शामिल
मुंबई: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पुरुष क्रिकेट टीम की चयन समिति (Selection Committee) में बड़ा फेरबदल किया है। पूर्व भारतीय टेस्ट स्पिनर प्रज्ञान ओझा को चयन समिति का नया अध्यक्ष (चीफ सेलेक्टर) नियुक्त किया गया है। सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने के अनुभव के आधार पर ओझा को यह जिम्मेदारी दी गई है, जहां वे अजीत अगरकर की जगह लेंगे।
इसी के साथ, पूर्व भारतीय गेंदबाज और कोच रमेश पोवार को चयन समिति में नए सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
कैसा रहा चयन प्रक्रिया का सफर?
बीसीसीआई की क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) के सदस्य अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे ने मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में आवेदनों की जांच और इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी की। सभी पहलुओं का आकलन करने के बाद CAC ने सर्वसम्मति से रमेश पोवार के नाम पर मुहर लगाई।
-
रमेश पोवार का अनुभव: पोवार ने भारत के लिए 2 टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले हैं। वे भारतीय महिला क्रिकेट टीम, मुंबई और गुजरात के हेड कोच रह चुके हैं, साथ ही BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। उनके कार्यकाल में भारतीय महिला टीम ने एशिया कप का खिताब और राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games) में रजत पदक जीता था।
ऐसी है नई 5-सदस्यीय सेलेक्शन कमिटी
प्रज्ञान ओझा की अगुवाई में गठित नई चयन समिति में निम्नलिखित सदस्य शामिल हैं:
-
प्रज्ञान ओझा (चीफ सेलेक्टर)
-
शिव सुंदर दास (सदस्य)
-
आरपी सिंह (सदस्य)
-
अजय रात्रा (सदस्य)
-
रमेश पोवार (सदस्य)
इस नई समिति पर भविष्य के दौरों और महत्वपूर्ण टूर्नामेंट्स के लिए पारदर्शी और संतुलित टीम कॉम्बिनेशन चुनने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
BCCI ने की पूर्व चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर की सराहना
बीसीसीआई ने पूर्व मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के कार्यकाल और योगदान की जमकर प्रशंसा की है। जुलाई 2023 में पदभार संभालने वाले अगरकर के नेतृत्व में भारतीय टीम ने कई ऐतिहासिक सफलताएं हासिल कीं, जिनमें तीन आईसीसी (ICC) ट्रॉफियां, दो एशिया कप और एशियाई खेलों (Asian Games) में दो स्वर्ण पदक शामिल हैं।

