katniमध्यप्रदेश

निलंबन आदेश मिलने के बाद शिक्षक पर महिला शिक्षिका से मारपीट का आरोप, पुलिस ने लिया हिरासत में

निलंबन आदेश मिलने के बाद शिक्षक पर महिला शिक्षिका से मारपीट का आरोप, पुलिस ने लिया हिरासत मे

कटनी। जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिलहरी में गुरुवार दोपहर एक शिक्षक द्वारा महिला शिक्षिका के साथ कथित अभद्रता एवं मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद विद्यालय परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर बिलहरी पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित शिक्षक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, शिक्षक वरुण नायक हाल ही में एक आंदोलन में शामिल हुए थे। बताया जा रहा है कि आंदोलन के दौरान सरकार के संबंध में दिए गए कथित बयान का वीडियो सामने आने के बाद कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी एस.एन. पांडे ने उन्हें निलंबित कर दिया था।

बताया जाता है कि गुरुवार को विद्यालय में निलंबन आदेश की जानकारी मिलने के बाद शिक्षक आक्रोशित हो गए। आरोप है कि उन्होंने विद्यालय परिसर में महिला शिक्षिका श्रीमती रेखा तिवारी के साथ गाली-गलौज की, अभद्र व्यवहार किया तथा मारपीट की। घटना के दौरान विद्यालय में मौजूद शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं में हड़कंप की स्थिति बन गई।

विद्यालय के प्राचार्य देवेंद्र तिवारी ने तत्काल बिलहरी पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर भी संबंधित शिक्षक द्वारा पुलिसकर्मियों से अभद्र व्यवहार किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शिक्षक को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा प्राप्त शिकायत और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं शिक्षा विभाग भी पूरे प्रकरण की विभागीय स्तर पर समीक्षा कर रहा है।

Back to top button