पुलिस जन सुनवाई -पारिवारिक विवाद, साइबर अपराध, भूमि धोखाधड़ी और महिला अपराध से जुड़े मामलों पर प्राथमिकता से सुनवाई; संबंधित थाना प्रभारियों व साइबर सेल को दिए निर्देश
पुलिस जन सुनवाई -पारिवारिक विवाद, साइबर अपराध, भूमि धोखाधड़ी और महिला अपराध से जुड़े मामलों पर प्राथमिकता से सुनवाई; संबंधित थाना प्रभारियों व साइबर सेल को दिए निर्दे
कटनी। आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के तहत मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय कटनी में जनसुनवाई का आयोजन किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में आयोजित जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी, एसडीओपी विजयराघवगढ़ धीरेन्द्र धार्वे तथा डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा ने आमजन की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण करते हुए संबंधित थाना प्रभारियों एवं साइबर सेल को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतें भी प्राप्त हुईं। इस पर पुलिस अधिकारियों ने फरियादियों को शासन द्वारा जारी साइबर सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने, ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए साइबर सेल को प्रकरण भेजने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में मुख्य रूप से पारिवारिक विवाद, आपसी विवाद, पैसों के लेन-देन, पुलिस द्वारा सुनवाई नहीं होने की शिकायतें, भूमि एवं प्लॉट संबंधी धोखाधड़ी, महिला अपराध तथा अन्य पुलिस संबंधी मामलों पर सुनवाई की गई। वहीं, अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों के मामलों में आवेदकों को संबंधित विभाग से संपर्क करने की सलाह दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आमजन को त्वरित न्याय एवं राहत मिल सके।