Site icon YASHBHARAT.COM

पसंद के अस्पताल में इलाज कराना नागरिक का अधिकार, पुलिस तय नहीं कर सकती: एमपी हाई कोर्ट

NEET-PG परीक्षा दोबारा कराने की मांग पर हाईकोर्ट का फैसला

पसंद के अस्पताल में इलाज कराना नागरिक का अधिकार, पुलिस तय नहीं कर सकती: एमपी हाई कोर्ट

जबलपुर। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने सड़क दुर्घटना मुआवजे से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में स्पष्ट किया है कि प्रत्येक नागरिक को अपनी पसंद के अस्पताल में बेहतर इलाज कराने का पूरा अधिकार है। पुलिस या प्रशासन यह तय नहीं कर सकता कि कोई व्यक्ति कहां उपचार कराएगा। जस्टिस विवेक अग्रवाल की एकलपीठ ने राज्य सरकार और पुलिस की ओर से दी गई उस दलील को सिरे से खारिज करते हुए ‘हास्यास्पद’ बताया, जिसमें पीड़ितों के नागपुर के निजी अस्पताल में इलाज कराने पर सवाल उठाए गए थे।

अदालत ने पुलिस महानिदेशक (DGP) की ओर से दायर सभी छह अपीलों को खारिज करते हुए प्रत्येक अपील पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही, कोर्ट ने निचली अदालत द्वारा तय की गई मुआवजा राशि में भी इजाफा किया है।

क्या था पूरा मामला?

मामला 5 अप्रैल 2024 की रात का है। मंडला निवासी एक परिवार नागपुर से उपचार कराकर कार से अपने घर लौट रहा था। रात करीब 1:15 बजे सिवनी जिले के केवलारी के पास एक तेज रफ्तार पुलिस बस ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में कार चालक काजू महोबिया सहित निखलेश जसवानी और कन्हैया जसवानी की दर्दनाक मृत्यु हो गई थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

सरकार की दलील पर कोर्ट की कड़ी टिप्पणी

सुनवाई के दौरान पुलिस और राज्य सरकार की ओर से यह तर्क दिया गया कि घायलों ने नागपुर के बड़े निजी अस्पतालों में इलाज कराकर भारी-भरकम मेडिकल बिल बनवाए हैं, जबकि उनका इलाज मंडला जिला अस्पताल में भी संभव था।

इस पर हाई कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए सवाल उठाया कि “मरीज कहां उपचार कराएगा, यह पुलिस कैसे तय कर सकती है?” कोर्ट ने पाया कि सरकार न तो मेडिकल बिलों को फर्जी साबित कर सकी और न ही दुर्घटना के लिए पीड़ितों की कोई गलती सिद्ध कर पाई। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि दुर्घटना पीड़ितों को बेहतर चिकित्सा सुविधा चुनने की पूर्ण स्वतंत्रता है और केवल इलाज पर अधिक खर्च होने के आधार पर मुआवजे के दावे को खारिज नहीं किया जा सकता।

मुआवजे की राशि में की गई बढ़ोतरी

इससे पहले, मंडला मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) ने मृतकों के परिजनों को 48.26 लाख रुपये और मृतक चालक के परिवार को 18.19 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया था। हाई कोर्ट ने पीड़ितों की अपीलों पर सुनवाई करते हुए न्यायहित में मुआवजे की राशि को बढ़ा दिया है

Exit mobile version