Site icon Yashbharat.com

बोर्ड परीक्षाओं में छात्रों को तनाव से निपटने के टिप्स देंगे PM

pm modi consumer sammelan img 26 10 2017

नई दिल्ली। बोर्ड परीक्षाएं करीब हैं और इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 11.45 बजे देशभर के स्कूली विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव से बचने के टिप्स देंगे। दूरदर्शन और आकाशवाणी से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने मैदानी अधिकारियों को हर स्कूल में टीवी या रेडियो का इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।

पीएमओ ने कार्यक्रम के फोटो और वीडियो मांगे हैं। देश में राज्य बोर्ड और सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं मार्च में होना हैं। इसे देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी एक बार फिर विद्यार्थियों से मुखातिब हो रहे हैं। मोदी एक घंटे विद्यार्थियों को बताएंगे कि परीक्षा के तनाव को कैसे दूर करें। इसके लिए देशभर के विद्यार्थियों से सवाल मंगाए गए थे। इनमें से चुने हुए सवालों के जवाब प्रधानमंत्री देंगे।

परीक्षा के तनाव के चलते विद्यार्थियों द्वारा आत्महत्या करने की घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें अपने स्तर पर प्रयास कर रही हैं। शुक्रवार को होने वाला कार्यक्रम भी इसी कड़ी का हिस्सा है।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने कार्यक्रम की वास्तविक स्थिति जानने के लिए राज्यों को कार्यक्रम के फोटो और वीडियो भेजने के निर्देश दिए हैं। स्कूल शिक्षा विभाग ने अधिकारियों से कहा है टीवी पर कार्यक्रम देखने या रेडियो पर सुनने के दौरान वीडियो बनवाएं और फोटो खिंचवाएं। जिन्हें कार्यक्रम समाप्त होने के तुरंत बाद लोक शिक्षण संचालनालय को भेजे।

अफसरों ने वीडियो और फोटो पर्याप्त रोशनी में बनाने को कहा है, ताकि कार्यक्रम की भव्यता दिखाई दे। वहीं फोटो ऐसे खींचने को कहा है, जिसमें बच्चे टीवी और रेडियो पर प्रधानमंत्री को सुनते दिखाई दें और स्कूल का स्टाफ व अधिकारी भी दिखें।

Exit mobile version