PM Modi in Azamgarh LIVE : उमड़ी भीड़,PM मोदी के आगमन का इंतजार

आजमगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज आजमगढ़ में भाजपा प्रत्याशी भोजपुरी फिल्म स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ के समर्थन में भाजपा विजय संकल्प रैली को संबोधित करेंगे। भयंकर गरमी से भी बेखबर लोग पीएम मोदी के आगमन से पहले ही मंदुरी में सभा स्थल पर एकत्र हो गए हैं।

आजमगढ़ की इस सभा से पीएम मोदी अम्बेडकरनगर से भाजपा प्रत्याशी मुकुट बिहारी वर्मा के साथ ही पास के अन्य क्षेत्र जैसे डुमरियागंज से जगदम्बिका पाल, संतकबीर नगर से प्रवीण निषाद तथा देवरिया से डॉ. रमापति राम त्रिपाठी की सीट पर भी अपना प्रभाव डालेंगे।

लोकसभा चुनाव 2019 में आजमगढ़ के सांसद समाजवादी पार्टी के मुलायम सिंह यादव के इस बार आजमगढ़ से चुनाव न लडऩे पर उनके पुत्र तथा समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव गठबंधन से प्रत्याशी हैं। कांग्रेस से यहां अपना प्रत्याशी नहीं उतारा है। आजमगढ़ में छठे चरण में यानी 12 मई को मतदान होगा। यहां पर निरहुआ व अखिलेश यादव में सीधी लड़ाई है। आजमगढ़ में कल अखिलेश यादव व मायावती ने चुनावी सभा की थी।

पीएम नरेंद्र मोदी के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ आज आजमगढ़ में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा करेंगे। भाजपा विजय संकल्प रैली शहर से करीब 20 किमी दूर मंदुरी में होगी। प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा को लेकर सुरक्षा के सख्त प्रबंध हैं।

प्रधानमंत्री की आयोजित जनसभा की सुरक्षा को लेकर कल दोपहर को एसपीजी आईजी के नेतृत्व में रिहर्सल हुआ। रिहर्सल के बाद देर शाम को पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा में लगाए गए पुलिस फोर्स के साथ कार्यक्रम स्थल पर ब्रीङ्क्षफग कर दिशा निर्देश दिया। सुरक्षा के प्रभारी एएसपी सिटी कमलेश बहादुर ने बताया कि जनसभा स्थल के मंच से लेकर हेलीपैड तक की सुरक्षा एसपीजी के हवाले रहेगी। इसी के साथ ही कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा पुलिस व पीएसी के हवाले रहेगी। सुरक्षा के लिए सात एसपी, 13 एएसपी, 25 सीओ, 50 इंस्पेक्टर, 250 सब इंस्पेक्टर, एक हजार पुरुष आरक्षी, ढाई सौ महिला आरक्षी, 25 महिला सब इंस्पेक्टर, पांच महिला इंस्पेक्टर, पांच कंपनी पीएसी व पांच कंपनी सीपीएमएफ की फोर्स तैनात रहेगी। इसके अलावा काफी संख्या में सादे वर्दी में पुलिस व खुफिया विभाग के जवान भी तैनात रहेंगे।

रूट डायवर्जन

जनसभा को देखते हुए आज मंदुरी की ओर आने जाने वाले वाहनों का रूट डायवर्जन रहेगा। एसपी ट्रैफिक मोहम्मद तारिक ने बताया कि आज अंबेडकरनगर से आने वाले सभी वाहन देउरपुर बाजार से महराजगंज, बिलरियागंज से होते हुए आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर व गाजीपुर के लिए जाएंगे।

Exit mobile version