PM Modi की नई कैबिनेट में शामिल नहीं होंगे अरुण जेटली, Twitter पर दी जानकारी

Arun Jaitley reuters April 19 resized

नई दिल्ली। भाजपा नेता और मौजूदा कार्यवाहक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को एक बार फिर प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ कई मंत्री भी शपथ लेंगे। इस बार पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली शपथ लेते हुए नहीं दिखेंगे और न ही निकट भविष्य में सरकार का हिस्सा होंगे।

अरुण जेटली ने प्रधानमंत्री नरेेंद्र मोदी को लिखी चिट्ठी में कहा है कि वे उनकी नई सरकार में कोई जिम्मेदारी नहीं ले पाएंगे। उन्हें स्वस्थ होने के लिए अभी और समय की जरूरत है।

जेटली प्रधानमंत्री के नाम लिखी चिट्ठी में कहा, पिछले पांच साल से आपके नेतृत्व वाली सरकार का हिस्सा होना मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ सीखने का एक अवसर भी था। इससे पहले भी एनडीए की पहली सरकार के दौरान भी मुझे जिम्मेदारियां निभाने का अवसर मिला। पार्टी संगठन में और विपक्ष में रहते हुए भी मैंने बहुत कुछ सीखा। सीखने की मेरी भूख अभी मरी नहीं है।

पिछले आठ महीनों के दौरान मैं स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं से घिरा रहा हूं। मेरे डॉक्टर मुझे इन समस्याओं से बाहर निकालने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं। जब चुनाव प्रचार खत्म हुआ और आप केदारनाथ की ओर जा रहे थे, उस वक्त भी मैंने आपसे बात की थी। फिलहाल मैं किसी तरह की जिम्मेदारियों से दूर रहना चाहता हूं, ताकि अपने इलाज और सेहत पर ध्यान दे सकूं। आपके नेतृत्व में भाजपा और एनडीए ने शानदार और सुरक्षित जीत दर्ज की। कल नई सरकार शपथ लेगी।

मैं औपचारिक रूप से आपसे यह निवेदन करने के लिए यह चिट्ठी लिख रहा हूं कि मुझे मेरे लिए, मेरे इलाज के लिए और स्वस्थ होने के लिए उचित की जरूरत है। इललिए फिलहाल मैं नई सरकार में किसी भी तरह की जिम्मेदारी नहीं लेना चाहता।

इसे भी पढ़ें-  शेयर बाजार में एक और धमाकेदार IPO की तैयारी: भारत में एंट्री लेगी दिग्गज बीयर कंपनी कार्ल्सबर्ग, $700 मिलियन जुटाने का प्लान

सरकार के समर्थन में अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए अनौपचारिक तौर पर जब भी जरूरत होगी मैं तैयार रहूंगा।

बता दें कि अरुण जेटली हाल ही में अमेरिका से इलाज कराकर लौट थे। इलाज कराने के लिए चार सप्ताह तक वह अमेरिका में ही रहे। इलाज कराने के लिए विदेश में होने के कारण जेटली नरेंद्र मोदी सरकार का छठा और अंतिम बजट पेश नहीं कर सके। उनकी अनुपस्थिति में रेल मंत्री पीयूष गोयल को वित्त मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था।