
PM Kisan Smman Nidhi मृत्यु के बाद भी जिले के दो हजार किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि जाती रही। इनमें ऐसे किसान भी शामिल हैं जिनको एक साल की दो किस्त से लेकर दो साल की छह किस्तों का पैसा मिल चुका है। इसकी शिकायत मिलने के बाद विभाग की नींद खुली। फिलहाल विभाग ने इस पर रोक लगा दी है।
विभाग किसान की मृत्यु की तारीख के बाद हुए भुगतान का आंकलन करवा रहा है। मृत्यु के बाद हुए भुगतान राशि को किसान के उत्तराधिकारी से वसूली करने की तैयारी की जा रही है। कृषि विभाग के कर्मचारी राशि की गणना करने में जुटे हैं।
केंद्र सरकार की ओर से किसानों की आय दोगुना करने और आर्थिक हालत में सुधार करने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत हर साल 6 हजार रुपये की आर्थिक मदद की जाती है। वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना शुरू हुई थी। जिले में करीब 57 हजार किसानों को सम्मान निधि मिलती है। अब तक 14 बार किसान सम्मान निधि किसानों को मिल चुकी है और दिवाली पर फिर से भुगतान किया जाना है।
उपकृषि निदेशक राजीव कुमार ने बताया कि जिले में दो हजार किसानों की मृत्यु होने के बाद भी उनके खातों में किसान सम्मान निधि की राशि जाती रही है। फिलहाल उनका भुगतान रोक दिया गया है। मृत्यु के बाद की राशि की गणना की जा रही है। जल्द ही वसूली की जाएगी।








