नई दिल्ली। Coronavirus Lockdown के प्रभावितों को राहत पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम केयर्स फंड की शुरुआत की, जिसमें सभी देशवासी अपनी क्षमता के अनुसार दान करके सहयोग कर सकते हैं। बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़ भी दिल खोलकर दान दे रहे हैं। अब कंगना रनोट ने पीएम केयर्स फंड के लिए 25 लाख रुपये दान करने का एलान किया है। साथ ही डेलीवेज वर्कर्स की फैमिली के लिए राशन भी दिया है।
इसकी जानकारी ट्विटर के ज़रिए कंगना की बहन और मैनेजर रंगोली चंदेल ने दी है। रंगोली ने लिखा कि हमें एकजुट रहने और जो भी सम्भव हो करना चाहिए। इसी के साथ रंगोली ने साफ़ किया की पीएम केयर्स फंड में दान देने में इतनी देर क्यों हुई, जिसका जवाब में रंगोली ने उन लोगों पर सवाल उठा दिये, जो दान करने से पहले प्लेज ले रहे हैं। रंगोली ने लिखा- कई लोग पूछ रहे हैं कि कंगना ने पहले क्यों दान नहीं किया, वो पहले एमाउंट ट्रांस्फर करना चाहती थी और फिर एलान। वो प्लेजिंग वगैरह में यक़ीन नहीं करती। ख़ैर, मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि 100 रुपये भी बहुत हैं। कृपया दान कीजिए।

