PM Aawas Yojnaभोपाल। प्रदेश के दो लाख 51 हजार आवासहीन परिवारों के लिए दीपावली सौगात लेकर आ रही है। यह परिवार अगले हफ्ते अपने ‘सपनों के घर” में प्रवेश करेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इन परिवारों को वर्चुअल गृह प्रवेश कराएंगे। लाभार्थियों में विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा, सहरिया और भारिया परिवार भी शामिल हैं। संबंधित विभागों ने कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगातार योजना की समीक्षा कर रहे हैं और हर गरीब परिवार को भूमि का पट्टा और पात्रता के अनुसार मकान बनाने के लिए राशि देने की घोषणा कर चुके हैंं।
लक्ष्य पूरा करने में मध्य प्रदेश की पहल सराहनीय
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2022 तक देश के सभी आवासहीन लोगों को मकान उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। इसमें मध्य प्रदेश ने सराहनीय काम किया है। प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 21 लाख पांच हजार मकान बना लिए हैं। वर्तमान वित्तीय वर्ष में ग्वालियर-चंबल अंचल के जिलों में अतिवृष्टि और बाढ़ के बावजूद वर्षाकाल में एक लाख 60 हजार मकान बनाए गए हैं। यह प्रदेश को मिले 26 लाख 28 हजार मकानों के लक्ष्य के मुकाबले में संतोषजनक है।

