Accident मजदूर की मौत के बाद लोगों ने दमोह हाईवे जाम कर दिया

25 05 2025 dewas accident news 2025525 152412

Accident मजदूर की मौत के बाद लोगों ने हाईवे जाम कर दिया दमोह जिले के नरसिंहगढ़ चौकी क्षेत्र में आने वाले कोपरा पुल के पास रविवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक चालक ने बाइक सवार मजदूर को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसके बाद परिजनों ने हाइवे पर जाम लगा दिया जो करीब डेढ़ घंटे बाद खुला।

दमोह एसडीएम आरएल बागरी व पथरिया एसडीएम निकेत चौरसिया मौके पर पहुंचे और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खोला गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। तब तक दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग चुकी थी।

जानकारी के अनुसार देहात थाना के ककरा गांव निवासी नन्नू पिता लल्लू अहिरवार 35 मजदूरी करने के लिए बाइक से इमलाई सीमेंट फैक्ट्री जा रहा था। इस दौरान दमोह तरफ से जा रहे ट्रक के चालक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार हवा में उछलकर सड़क पर गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर उसकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद ट्रक चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। खबर मिलने नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी प्रशिता कर्मी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी चालक को अपने कब्जे में ले लिया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे दमोह छतरपुर हाइवे पर जाम लग गया।