Site icon Yashbharat.com

PCC के कोषाध्यक्ष गोविंद गोयल ने दिया इस्तीफा

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के कोषाध्यक्ष गोविंद गोयल ने पार्टी के कुछ नेताओं से दुखी होकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

गोयल ने अपनी वेदना पीसीसी अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ को पत्र लिखकर बताई है। कमल नाथ ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर पीसीसी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश जैन को कोषाध्यक्ष का प्रभार सौंपा है।

सूत्रों के मुताबिक, इस्तीफे की पेशकश में उन्होंने अपने विरोधी और पार्टी के कुछ नेताओं का नाम लिए बिना उनकी कार्यप्रणाली पर तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि वे कांग्रेस में 50 साल से पूरी निष्ठा से काम कर रहे हैं मगर जब कोषाध्यक्ष बने तो कुछ नेताओं को इससे असुविधा हुई। कोषाध्यक्ष होने के बाद भी उनकी उपेक्षा की गई है।

विस-लोस चुनाव लड़ना चाहा पर टिकट नहीं मिला

बताया जाता है कि गोयल ने पत्र में कांग्रेस में अपने तीन बार के महामंत्रीत्वकाल का हवाला दिया और कहा कि वे संगठन में पूरे समर्पण से काम करते रहे। उनकी लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा थी लेकिन टिकट नहीं मिला।

इसके बाद भी वे पार्टी के लिए जिम्मेदारी से काम करते रहे। सूत्रों ने बताया कि कमल नाथ को लिखे पत्र में उन्होंने कहा है कि पीसीसी के पदाधिकारियों द्वारा उन पर पार्ट टाइम नेता के आरोप भी लगाए जाते रहे, जबकि मेरा व्यापार बेटे ही देखते हैं और मैं कांग्रेस के लिए समर्पित भाव से काम करता हूं।

Exit mobile version