ढीमरखेड़ा के गिरहा नाला के पास संदिग्ध परिस्थितियों में तेंदुए का शव मिलने से हड़कं
कटनी -जिले के ढीमरखेड़ा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भमका-परसेल के बीच गिरहा नाला के पास रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में तेंदुए का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हाइटेंशन बिजली लाइन का तार पेड़ से टकराने के कारण करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आकर तेंदुए की मौत हो गई। घटनास्थल पर जले हुए पेड़ के निशान भी पाए गए हैं, जो इस संभावना को मजबूत करते हैं।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं तथा डॉग स्क्वॉड की मदद भी ली जा रही है। तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
अधिकारियों का कहना है कि यदि बिजली लाइन में लापरवाही पाई गई तो संबंधित विभाग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

