महाराष्ट्र के पंढरपुर में कुएं में गिरी श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वैन; 8 की दर्दनाक मौत, रांजनी गांव में पसरा मातम
सोलापुर: महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के पंढरपुर क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली दुर्घटना सामने आई है। यहाँ तीर्थयात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से खचाखच भरी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक गहरे कुएं में जा गिरी। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे में 8 श्रद्धालुओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए सभी मृतक पंढरपुर के ही रांजनी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। एक ही गांव के 8 लोगों की मौत के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और गांव में चूल्हे तक नहीं जले हैं।
म्हसवाड़-पंढरपुर मार्ग पर हुआ दर्दनाक हादसा
यह भीषण दुर्घटना म्हसवाड़-पंढरपुर मार्ग (तालुका मालशिरस, जिला सोलापुर) पर घटित हुई। रांजनी गांव के श्रद्धालु अपनी मन्नत और दर्शन के लिए पिकअप गाड़ी में सवार होकर निकले थे। सफर के दौरान मालशिरस तालुका के पास अचानक चालक का गाड़ी पर से नियंत्रण खो गया और तेज रफ्तार पिकअप सीधे सड़क किनारे स्थित गहरे कुएं में जा समाई।महाराष्ट्र के पंढरपुर में कुएं में गिरी श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वैन; 8 की दर्दनाक मौत, रांजनी गांव में पसरा मातम
गाड़ी के कुएं में गिरते ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और स्थानीय स्तर पर बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन पानी गहरा होने और गाड़ी के पलटने के कारण 8 लोगों को बचाया नहीं जा सका।
राकांपा (NCP) नेता रोहित पवार ने जताया गहरा शोक; जांच की मांग
इस दर्दनाक हादसे की गूंज महाराष्ट्र के सियासी गलियारों तक पहुंच गई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दिग्गज नेता रोहित पवार ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
ट्विटर (X) पर अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए रोहित पवार ने लिखा:
“म्हसवाड़-पंढरपुर मार्ग पर एक पिकअप गाड़ी के कुएं में गिर जाने से हुई मौतों की खबर बेहद दुखद, हृदयविदारक और स्तब्ध कर देने वाली है। मृतकों को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि! हम सभी ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि मृतकों के परिवारों को यह असीम दुख सहने की शक्ति मिले। इस भीषण दुर्घटना के वास्तविक कारणों की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए, साथ ही सरकारी तंत्र को प्रभावित परिवारों और बचाव कार्यों में तुरंत हर संभव सहायता प्रदान करनी चाहिए।








