बाल लैंगिक अपराधों से सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु साँप-सीढ़ी खेल का आयोजन,एनएसएस के बाल संरक्षण क्लब एवं आवाज जनकल्याण समिति का संयुक्त प्रयास
कटनी, 16 नवंबर 2026। बाल अधिकार सप्ताह (14 से 20 नवंबर) के अंतर्गत बच्चों के अधिकारों, बाल संरक्षण एवं बाल लैंगिक अपराधों से सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी में राष्ट्रीय सेवा योजना, बाल संरक्षण क्लब एवं आवाज जनकल्याण समिति के संयुक्त तत्वावधान में साँप-सीढ़ी खेल आधारित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सुनील कुमार बाजपेई, जिला संगठक रासेयो डॉ रुक्मणी प्रताप सिंह, कार्यक्रम अधिकारी रासेयो डॉ माधुरी गर्ग एवं आवाज जनकल्याण समिति के जिला समन्वयक श्री देवेन्द्र गुप्ता के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया
कार्यक्रम की शुरुआत आवाज जनकल्याण समिति के जिला समन्वयक श्री देवेन्द्र गुप्ता द्वारा महाविद्यालय के विद्यार्थियों को पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर की गई। उन्होंने बाल लैंगिक अपराधों से बच्चों के संरक्षण, पॉक्सो कानून के प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों तथा ऐसे मामलों में अपनाई जाने वाली कानूनी प्रक्रिया के बारे में जानकारी साझा की।
इसके पश्चात विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा एवं पॉक्सो अधिनियम पर आधारित साँप-सीढ़ी खेल खिलाया गया। खेल के माध्यम से सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श, व्यक्तिगत सुरक्षा, बाल अधिकारों, अच्छे और बुरे व्यवहार की पहचान तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के तरीकों को सरल एवं रोचक ढंग से समझाया गया।
कार्यक्रम में एनएसएस के जिला संगठक श्री रुक्मणी सिंह, डॉ माधुरी गर्ग की विशेष भूमिका एवं उपस्थिति रही। साथ ही शासकीय तिलक महाविद्यालय के प्राध्यापकों, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों एवं बाल संरक्षण क्लब के सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम के आयोजन में आवाज जनकल्याण समिति की ओर से जिला समन्वयक श्री देवेन्द्र गुप्ता, कल्पना द्विवेदी, मयंक मिश्रा एवं दुर्गा जायसवाल ने सहयोग प्रदान किया।
खेल के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और विभिन्न प्रश्नों के उत्तर देकर बाल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। इस अवसर पर विद्यार्थियों को समझाया गया कि यदि वे स्वयं या अपने आसपास किसी बच्चे के साथ गलत व्यवहार अथवा किसी असहज परिस्थिति को देखते हैं, तो चुप न रहें। इसकी जानकारी अपने विश्वसनीय अभिभावक, शिक्षक या संबंधित सहायता केंद्र को दें तथा आवश्यकता पड़ने पर उचित सहायता प्राप्त करें।
उल्लेखनीय है कि ‘यूथ एज चैंपियन फॉर चाइल्ड प्रोटेक्शन’ कार्यक्रम के अंतर्गत एनएसएस की विभिन्न इकाइयों में बाल संरक्षण क्लबों का गठन किया गया है। इन क्लबों का उद्देश्य महाविद्यालय परिसरों से आगे बढ़कर समुदायों तक पहुँचना तथा बच्चों एवं आम नागरिकों को बाल अधिकारों, सुरक्षा और संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। इसी उद्देश्य से बाल अधिकार सप्ताह के दौरान एनएसएस के बाल संरक्षण क्लब एवं आवाज जनकल्याण समिति के संयुक्त प्रयास से कटनी जिले के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य खेल, संवाद एवं सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से बच्चों और युवाओं को बाल अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा एवं बाल लैंगिक अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें किसी भी विपरीत परिस्थिति में बिना डर और झिझक के अपनी बात रखने एवं सहायता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

