Site icon Yashbharat.com

Online Class: कम पड़ता है एक जीबी डाटा, टीचर्स से बोले छात्र, छोटे करें लेक्चर

online-class

online-class

इंदौर। Online Class । बढ़ते संक्रमण की वजह से इन दिनों स्कूल-कॉलेज बंद है। मगर विद्यार्थियों की पढ़ाई जारी है। ऑनलाइन क्लासेस में अब विद्यार्थियों को इंटरनेट को लेकर समस्या खड़ी होने लगी है। इन्हें एक जीबी डाटा भी कम पड़ने लगा है। उनका कहना है कि दो क्लासेस के दौरान ही रोजाना का इंटरनेट डाटा खत्म हो जाता है। बाद में कम होने से बाकी विषय की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। मामले में कई विद्यार्थियों ने शिक्षकों से छोटे लेक्चर करने की गुहार लगाई है।

देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के अधिकांश विभाग में ऑनलाइन क्लासेस के जरिए पढ़ाई करवाई जा रही है। जहां विद्यार्थी डेटा पैक (इंटरनेट) को लेकर परेशान है। पहले जहां 500 रुपए में 84 दिन का इंटरनेट चलता था। वहीं अब महीनेभर में एक हजार रुपए केवल इंटरनेट पर खर्च हो रहे हैं। बावजूद इसके विद्यार्थियों को इंटरनेट स्पीड नहीं मिल रही है। अधिकांश विद्यार्थियों का मानना है कि 45-45 मिनट के लेक्चर हो रहे हैं।

महज डेढ़ घंटे में इंटरनेट की डेली लिमिट खत्म हो जाती है। बीकॉम छात्र अनिमेश जैन का कहना है कि डेटा पैक खत्म होने के बाद बीच-बीच में लिंक ब्रेक होती है। जिसे क्लास में पढ़ाए जाने वाले टॉपिक कम समझ आते है। प्रबंधन की छात्रा मोनिका शर्मा का कहना है कि पिछले तीन महीने में केवल साढ़े चार हजार रुपए इंटरनेट पर खर्च हो चुके है।

स्कूल ऑफ कॉमर्स की विभागाध्यक्ष डॉ. प्रीति सिंह का कहना है कि गूगल क्लासरूम के जरिए क्लासेस ले रहे है। विद्यार्थियों की समस्या के बाद विभाग ने एक वाट्सअप गुप बनाया है, जिसमें टीचर्स अपने-अपने टॉपिक के नोट्स उस पर शेयर करते है। यहां तक छोटे-छोटे विडियो भी भेज रहे हैं। मीडिया प्रभारी डॉ. चंदन गुप्ता का कहना है कि प्रत्येक विभाग में ऑनलाइन लेक्चर और वाट्सअप पर वीडियो-कंटेंट शेयर हो रहा है। वैसे छोटे लेक्चर को लेकर कुलपति से बातचीत की जाएगी। यह समस्या कई विभागाध्यक्षों के सामने विद्यार्थियों ने रखी है।

Exit mobile version